पांच दिवसीय बैंकिंग और समान PLI की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी हड़ताल, गोपालगंज में 300 करोड़ का लेनदेन प्रभावित

देशभर के बैंक कर्मचारी 5 दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था और समान परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल से गोपालगंज में करीब 300 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ है। बैंक यूनियनों ने वार्ता विफल होने के बाद राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान किया है।

Gopalganj News : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और समान पीएलआइ की मांग को लेकर शुक्रवार को देशभर के बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने एक दिवसीय हड़ताल की. हड़ताल का असर गोपालगंज में भी दिखा. जिले के सभी बैंकों में कामकाज ठप रहने से करीब 300 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ. बैंक बंद रहने के कारण बड़ी संख्या में ग्राहक बिना काम कराये वापस लौट गये.

सुबह बैंक अधिकारी और कर्मचारी स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के पास जुटे और प्रदर्शन किया. इसके बाद कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न बैंक शाखाओं में पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए बैंकिंग सेवाएं बंद करायीं. ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया.

पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग

प्रदर्शन कर रहे बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि पांच दिवसीय कार्य-सप्ताह उनकी लंबे समय से लंबित मांग है. बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों को शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने की मांग की जा रही है.

इसके साथ संशोधित पीएलआइ (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) व्यवस्था पर भी कर्मचारियों ने आपत्ति जतायी. बैंक यूनियनों ने सभी बैंकों में समान पीएलआइ व्यवस्था लागू करने की मांग की. कर्मचारियों का कहना था कि पांच दिवसीय बैंकिंग और समान पीएलआइ उनकी न्यायसंगत मांगें हैं और इन पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए.

वार्ता विफल होने के बाद हुई हड़ताल

बैंक यूनियनों के अनुसार पांच दिवसीय बैंकिंग सहित विभिन्न मांगों को लेकर वित्तीय सेवा विभाग, वित्त मंत्रालय, भारतीय बैंक संघ, बैंक प्रबंधन और यूएफबीयू के बीच कई दौर की वार्ता हुई. संगठन का कहना है कि कई दौर की बातचीत के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला.

खासकर पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की निश्चित तारीख या समय-सीमा नहीं बताये जाने के बाद वार्ता विफल हो गयी. इसके बाद बैंक यूनियनों ने एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया.

‘आश्वासन नहीं, अब चाहिए तारीख’

जिला यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक सुशील श्रीवास्तव ने कहा कि बैंककर्मी लंबे समय से प्रत्येक सप्ताह शनिवार और रविवार को अवकाश के साथ पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं. संगठन का कहना है कि इस मुद्दे पर बार-बार आश्वासन मिले, लेकिन अब तक इसे लागू करने की तारीख तय नहीं हुई है.

पीएलआइ योजना वापस लेने की मांग

ग्रामीण बैंक के आलोक सिंह ने कहा कि बैंक यूनियनों ने एकतरफा और भेदभावपूर्ण बतायी जा रही पीएलआइ योजना को वापस लेने की मांग की है. यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता कर इसमें आवश्यक संशोधन करने की मांग भी की गयी है. इसके अलावा बैंककर्मियों से जुड़े लंबित मुद्दों का जल्द समाधान और द्विपक्षीय समझौते की परंपरा कायम रखने की मांग की गयी.

विभिन्न बैंक यूनियनों के प्रतिनिधियों ने संभाली कमान

हड़ताल और प्रदर्शन में एआइआरआरबीइए, एनएफआरआरबीओ, एनएफआरआरबीइ, एआइबीओसी, एआइबीओए, एआइबीइए और इंटक सहित विभिन्न ट्रेड यूनियनों से जुड़े कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए.

प्रदर्शन में मंदीप सिंह, आलोक कुमार, विनय मधेशिया, शक्ति कुमार, दिनेश कुमार, दीपक कुमार, विनय कुमार, ग्रामीण बैंक के अशोक सिंह, धीरज कुमार, स्टेट बैंक के सुशील श्रीवास्तव, ग्रामीण बैंक के आलोक सिंह, बैंक ऑफ इंडिया के विनोद कुमार, अतुल सिंह, अभिषेक, रितेश कुमार, मृत्युंजय कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के पप्पू कुमार सिंह, केनरा बैंक के प्रमोद कुमार मिश्रा, सोनू कुमार, स्टेट बैंक के धीरज कुमार और विनोद कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे.

प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न बैंक शाखाओं का भ्रमण कर हड़ताल को सफल बनाने की अपील की. जिले में बैंकिंग सेवाएं बंद रहने से ग्राहकों को बिना लेनदेन कराये वापस लौटना पड़ा.


फोटो नं 11- स्टेट बैंक के मुख्य शाखा को बंद करा कर प्रदर्शन करते बैंक कर्मी | Prabhat Khabar Network
फोटो नं 11- स्टेट बैंक के मुख्य शाखा को बंद करा कर प्रदर्शन करते बैंक कर्मी | Prabhat Khabar Network
फोटो नं 12-ग्रामीण बैंक के रिजनल कार्यालय पर प्रदर्शन करते बैंक कर्मी | Prabhat Khabar Network
फोटो नं 12-ग्रामीण बैंक के रिजनल कार्यालय पर प्रदर्शन करते बैंक कर्मी | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >