गया जी के बेलागंज थाना क्षेत्र में स्थित एक सरकारी उच्च विद्यालय की छात्रा की मौत के मामले में उसकी मां चंद्रवंशी देवी ने आरोपित शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए बेलागंज थाने में लिखित आवेदन दिया है.
इस आवेदन में शिक्षक पर छात्रा को प्रताड़ित करने तथा शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध बनाने का आरोप लगाया गया है. परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना और मानसिक दबाव के कारण छात्रा ने आत्महत्या कर ली. मामले को गंभीरता से लेते हुए बेलागंज पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की.
आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि छात्रा की मां के लिखित आवेदन के आधार पर आरोपित शिक्षक अभिषेक कुमार, निवासी मानपुर पटवा टोली, थाना बुनियादगंज, को गिरफ्तार किया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में कांड संख्या 620/26 दर्ज कर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस की जांच और अनुसंधान
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. छात्रा की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश और घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है.
भाकपा माले नेताओं की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाकपा माले नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की जानकारी लेते हुए दोषी शिक्षक पर कठोर कार्रवाई की मांग की.
मौजूद रहे प्रमुख लोग
इस दौरान मौके पर भाकपा माले नेता तारीक अनवर, शेर जहां, सूरज विलास पासवान समेत कई लोग मौजूद रहे.
