कर चोरी के विरुद्ध गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मुरारपुर स्थित कटरागली में सोनिया रेडीमेड प्रतिष्ठान में सेल्स टैक्स विभाग की छापेमारी दूसरे दिन रविवार को भी जारी रही. यह जानकारी मगध प्रमंडल के राज्य कर अपर आयुक्त (प्रशासन) मोहन कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि वाणिज्य कर विभाग की पटना और गया की संयुक्त टीम द्वारा पांच मंजिला थोक रेडीमेड कपड़ा प्रतिष्ठान में कार्रवाई की जा रही है.
देर रात रोकनी पड़ी थी छापेमारी
राज्य कर अपर आयुक्त मोहन कुमार ने बताया कि सोनिया रेडीमेड में शनिवार की दोपहर बाद से ही छापेमारी शुरू की गयी थी. देर रात होने के कारण कार्रवाई को रोक दिया गया था. इसके बाद रविवार को जांच फिर से शुरू की गयी. उन्होंने बताया कि रविवार की देर रात तक कार्रवाई पूरी होने की उम्मीद है.
स्टॉक और टैक्स भुगतान की हो रही जांच
छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान के स्टॉक, खरीद-बिक्री और टैक्स भुगतान की स्थिति की जांच की जा रही है. राज्य कर अपर आयुक्त ने बताया कि कितने रुपये की कर चोरी हुई है, यह छापेमारी पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. जांच पूरी होने के बाद टैक्स चोरी या अन्य स्थिति का पता चलेगा. इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
कर चोरी के बड़े खुलासे की संभावना
मोहन कुमार ने बताया कि सोनिया रेडीमेड में की जा रही कार्रवाई में कर चोरी का बड़ा खुलासा होने की पूरी संभावना है. दोनों प्रतिष्ठानों में लाखों रुपये की कर चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है. हालांकि, विस्तृत रिपोर्ट जांच पूरी होने के बाद ही उपलब्ध हो सकेगी.
धनेश्वरी ट्रेडर्स में कार्रवाई पूरी
राज्य कर अपर आयुक्त ने बताया कि दूसरी कार्रवाई गया के जीबी रोड स्थित पान मसाला के थोक विक्रेता धनेश्वरी ट्रेडर्स में की गयी है. छापेमारी दल ने धनेश्वरी ट्रेडर्स में कार्रवाई पूरी कर ली है. हालांकि, स्टॉक, माल जब्ती या अन्य जानकारी अभी तक छापेमारी दल की ओर से उपलब्ध नहीं करायी गयी है.
