प्रतिनिधि, शेरघाटी. शेरघाटी से चेरकी होते हुए गया जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों जर्जर हालत में पहुंच गयी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे उभर आये हैं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है. गड्ढों के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो रही हैं.
राजाबीघा के पास गड्ढे में गिरी बाइक
पिछले सप्ताह शेरघाटी शहर निवासी विकास गुप्ता अपने पुत्र के साथ बाइक से गया से लौट रहे थे. इसी दौरान राजाबीघा गांव के पास सड़क पर बने गड्ढे में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गयी. हादसे में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये और उनके हाथों में फ्रैक्चर हो गया. दोनों का इलाज चल रहा है.
ई-रिक्शा पलटने से आधा दर्जन लोग घायल
कुछ दिन पहले इसी मार्ग पर ई-रिक्शा पलट जाने से उस पर सवार करीब आधा दर्जन महिला-पुरुष घायल हो गये. स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की खराब स्थिति के कारण इस मार्ग पर लगातार छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं.
स्थानीय लोगों ने अधिकारियों पर उठाये सवाल
उचिरवां गांव निवासी श्याम बिहारी सिंह, कन्हैया सिंह और चिताकला निवासी डॉ. देवानंद ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण रोज छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों का आरोप है कि समस्या पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का अपेक्षित ध्यान नहीं है.
टोल से बचने के लिए बढ़ा बड़े वाहनों का दबाव
स्थानीय लोगों ने बताया कि डोभी-गया मार्ग पर टोल लगाए जाने के बाद इस सड़क पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है. टोल से बचने के लिए बड़ी गाड़ियां भी इस मार्ग से गुजर रही हैं, जिससे सड़क और खराब हो रही है.
सड़क के गड्ढे भरने का काम शुरू
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता कांति भूषण ने बताया कि सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है. जल्द ही सड़क की मरम्मत कर स्थिति में सुधार किया जा रहा है.
