पितृपक्ष से पहले गया जी में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश, डॉ प्रेम कुमार ने लिया तैयारियों का जायजा

गया जी में पितृपक्ष मेला-2026 की तैयारियां ज़ोरों पर हैं. बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने सुविधाओं, सुरक्षा और स्वच्छता का निरीक्षण किया. श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं.

विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने शुक्रवार को गया जी टाउन के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, विद्युत आपूर्ति, सड़क-नाली और पिंडदान स्थलों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 25 सितंबर से 11 अक्टूबर तक होने वाले मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो.

सफाई और मूलभूत सुविधाएं

डॉ प्रेम कुमार ने टूटे मुख्य मार्गों की तत्काल मरम्मत, खुले मैनहोल, नाली और अन्य कमियों को मेले से पहले दूर करने का निर्देश दिया. उन्होंने प्रमुख पिंडदान स्थलों, घाटों, तालाबों और धार्मिक स्थलों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. मेला क्षेत्र में 17 स्थानों पर वैट-प्याऊ के साथ अस्थायी पनशालाएं लगाने की तैयारी है.

प्रकाश व्यवस्था व सौंदर्यीकरण

प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने अंधेरे वाले स्थानों पर स्ट्रीट लाइट और भीड़ वाले हॉटस्पॉट व ब्लैक स्पॉट पर हाइमास्ट तथा मिनी हाइमास्ट लगाने का निर्देश दिया. रामकुंड, गोदावरी, ब्रह्मसत्य और वैतरणी के मिनी झरनों को भी दुरुस्त करने को कहा गया. वहीं, श्रद्धालुओं को गया जी की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता से परिचित कराने के लिए लेजर लाइट शो की भी तैयारी है.

24 घंटे बिजली आपूर्ति

बिजली विभाग की ओर से मेला क्षेत्र में सात नियंत्रण कक्ष बनाये गये हैं. तीन पालियों में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति होगी. करीब नौ किमी कवर एबी केबल बिछायी जा चुकी है और लगभग आठ ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ायी जा रही है. प्रेतशिला क्षेत्र में 15 नये पोल लगाने और पांच किलोमीटर एलटी लाइन की केबलिंग का काम जारी है.

विभागों में समन्वय पर जोर

डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि ‘अतिथि देवो भव’ की भावना से श्रद्धालुओं का स्वागत होना चाहिये. सभी विभाग आपसी समन्वय से मेला शुरू होने से पहले अपने कार्य पूरे करें. मौके पर नगर आयुक्त, पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता, बिजली विभाग के अधिकारी समेत अन्य मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By हरिबंश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >