लाॅ छात्रा दिव्या कुमारी की हत्या की लोजपा (आर) करेगी जांच, चिराग पासवान ने पांच सदस्यीय दल भेजा

लॉ छात्रा दिव्या कुमारी की हत्या के मामले में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संज्ञान लिया है. चिराग पासवान ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जिसने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. जांच दल ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं.

Law Student Divya Murder Case : डोभी थाना क्षेत्र के अच्छावां गांव की लॉ की छात्रा दिव्या कुमारी की हत्या उसके प्रेमी राहुल यादव द्वारा जून 2026 में दो लाख की सुपारी देकर करवाया था. चतरा के पुलिस ने बीते दिनों सुपारी किलर गया जी के बांकेबाजार थाना क्षेत्र के खरांटी निवासी नेपाली गुरु को गिरफ्तार कर हत्या का मामला का खुलासा किया. परंतु, मुख्य आरोपी राहुल यादव अब भी पुलिस के पकड से दूर है.

इसी मामले को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने दिव्या कुमारी की हत्या की घटना की त्वरित और पारदर्शी जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच समिति गठित किया.

पीड़ित परिवार से मिली जांच समिति

जांच समिति ने शनिवार को पीड़ित के घर पर जाकर स्थिति का जायजा लिया. जांच समिति का नेतृत्व प्रदेश छात्र प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व पार्टी विधायक विष्णुदेव पासवान ने किया. जांच समिति में प्रदेश महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शोभा सिन्हा, विधायक श्रीमती विनीता मेहता, उदय कुमार सिंह और विमल राजवंशी शामिल थे. जांच समिति ने पीड़ित परिजनों से पूरी जानकारी हासिल की.

पिता ने बताई आपबीती

मृतक के पिता चमारी पासवान ने जांच समिति को बताया कि शेरघाटी एसएचओ इस मामले में नामजद आरोपी के पक्ष में कार्य कर रही है. जब मेरी बेटी 24 जून को लापता हुई थी, उस दिन मैं आवेदन लेकर शेरघाटी थाना पहुंचा था. वहां पर आरोपी भी मौजूद था. पुलिस द्वारा हमारा आवेदन लेने से इनकार कर दिया गया और हमें थाने से जाने के लिए कह दिया था. शेरघाटी पुलिस हमेशा आरोपी के पक्ष में ही कार्य करती रही. इससे पूर्व भी आरोपी पर हमारी बेटी द्वारा केस किया गया था, लेकिन आरोपी का हमेशा थाने में आना जाना लगा रहता था.

जांच समिति ने गयाजी वरीय पुलिस अधीक्षक से फोन बात कर केस के बारे में जानकारी ली. जांच समिति ने वरीय पुलिस अधीक्षक को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि 48 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करें या कार्रवाई सुनिश्चित करें. वहीं उन्होंने यह भी कहा कि शेरघाटी एसएचओ का कार्य संदेहास्पद लग रहा है. उसकी कार्य शैली की जांच कर उस पर उचित कार्रवाई करने की भी बात कही.

जांच प्रतिवेदन पर पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी

जांच समिति ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि इस मामले में कोई भी कितने भी ताकतवर व्यक्ति हों या पहुंच वाला व्यक्ति हो, उस पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. जांच प्रतिवेदन की प्रारम्भिक रिपोर्ट के आधार पर पार्टी आगे की रणनीति पर फैसला लेगी. गया जिले में इस घटना ने स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है. लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन को शीघ्र, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए.

Also Read : लॉ छात्रा दिव्या हत्याकांड का खुलासा, प्रेम प्रसंग में हुई थी हत्या; एक आरोपी गिरफ्तार


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Anjani Pandey

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >