Krait Snake Bite Gaya Ji : गया जी के अतरी प्रखंड के मिसिर बिगहा गांव के दलित टोला में कृष्ण मांझी के नौ वर्षीय पुत्र लिटल कुमार और चौथी मांझी के 11 वर्षीय पुत्र बुद्धू कुमार की सांप के काटने से मौत हो गई. इस संबंध में परिजनों ने बताया कि घर में चटाई पर दोनों भाई सो रहे थे. इसी दौरान रविवार की अहले सुबह दोनों भाइयों को पांच फुट लंबे करैत सांप ने काट लिया.
इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद परिजन दोनों बच्चों को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (गया जी) ले जा रहे थे. इसी क्रम में एक बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे बच्चे की मौत अस्पताल में हो गई. दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
माता-पिता के बिना चाचा के घर रहता था मासूम लिटल
परिजनों ने बताया कि लिटल कुमार की मां की कुछ वर्ष पहले ही मौत हो गई थी. वहीं, कुछ दिन बाद उसके पिता कृष्ण मांझी भी घर छोड़कर कहीं भाग गए थे. मृतक लिटल कुमार की एक बड़ी बहन है. दोनों भाई-बहन अपने चाचा चौथी मांझी के घर में ही रहते थे. दोनों मृतक बच्चे एक-दूसरे के चचेरे भाई थे.
ग्रामीणों ने सांप को मारा, गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद ग्रामीणों ने उस सांप को मार दिया. इस हृदयविदारक घटना से गांव वाले काफी डरे और सहमे हुए हैं. मासूम बच्चों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
