Gaya Ji News : डोभी उत्पाद विभाग की टीम ने डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. यह कार्रवाई बहेरा थाना क्षेत्र के कोठवारा वरीय पुल के पास की गई. हालांकि, कार में सवार शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.
गुप्त सूचना पर चलाया गया जांच अभियान
उत्पाद विभाग की अस्थायी चौकी के प्रभारी उत्तम कुमार ने बताया कि मंगलवार की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर चौकी के पास नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान झारखंड की ओर से दो कारें तेज रफ्तार में आती दिखाई दीं. जांच टीम ने दोनों वाहनों को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकले.
पीछा करने पर पुल पर बंद हो गई कार
उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों वाहनों का पीछा किया. इसी दौरान एक कार कोठवारा बाजार से होते हुए कोठवारा वरीय पुल की ओर मुड़ी, जहां अचानक कार बंद हो गई. वाहन रुकते ही चालक और उसके साथ मौजूद तस्कर मौके से फरार हो गए. इसके बाद टीम ने कार की तलाशी ली.
कार से 14 पेटी विदेशी शराब जब्त
तलाशी के दौरान कार से कुल 14 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई. जब्त शराब में विभिन्न ब्रांडों की 111 लीटर बीयर और 42.6 लीटर अन्य विदेशी शराब शामिल है. शराब और कार को जब्त कर धिरजापुल स्थित उत्पाद विभाग की अस्थायी चौकी में सुरक्षित रखा गया है.
वाहन की जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि कार के रजिस्ट्रेशन, इंजन और चेसिस नंबर की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर वाहन मालिक और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
तस्करों की तलाश में छापेमारी जारी
उत्पाद विभाग के प्रभारी उत्तम कुमार ने बताया कि सीमावर्ती इलाकों में शराब तस्करों पर विशेष नजर रखी जा रही है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है.
स्थानीय लोगों ने तस्करी पर जताई चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोठवारा वरीय पुल के रास्ते प्रतिदिन बड़े पैमाने पर शराब और महुआ फूल की तस्करी होती है. इससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और स्थानीय कारोबारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाने की मांग की है.
संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया मामला
उत्पाद विभाग ने जब्त शराब का विस्तृत ब्योरा तैयार कर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच जारी है और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : इमामगंज में 35 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी, पूछताछ के लिए एक युवक हिरासत में
