Gaya Ji News : गया जी जिले के अत्री विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महकार स्थित अपने पैतृक आवास पर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को अपने पूर्वजों की प्रतिमाओं का अनावरण किया. इस गरिमामयी अवसर पर उनके पुत्र एवं बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन, हम पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक, कार्यकर्ता तथा बहुत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे. प्रतिमा अनावरण के बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी अत्यंत भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि दुनिया में माता-पिता से बड़ा कोई भगवान नहीं होता. भगवान को किसी ने देखा नहीं है, लेकिन माता-पिता साक्षात भगवान हैं.
उन्होंने मजदूरी कर हमें पढ़ाया-लिखाया और उसी आशीर्वाद से हम मुख्यमंत्री से लेकर आज केंद्रीय मंत्री तक बने हैं. उन्होंने कहा कि अपने माता-पिता, छोटे भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के योगदान को अमर बनाने के उद्देश्य से उनकी प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं.
मांझी ने कहा कि राजनीति में आने के दौरान जब लोग उनका मजाक उड़ाते थे, तब उनके छोटे भाई ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया. उन्होंने अपने परिवार के संघर्ष और त्याग को याद करते हुए कहा कि आज जो भी सम्मान और पहचान मिली है, वह उनके पूर्वजों के आशीर्वाद का ही परिणाम है.
उपचुनाव में एनडीए की जीत निश्चित, मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे पर दी प्रतिक्रिया
विभिन्न राजनीतिक सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए उम्मीदवार की जीत पूरी तरह से निश्चित है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बिहार के चौमुखी विकास के लिए लगातार काम कर रही है और जनता एक बार फिर एनडीए पर अपना पूरा भरोसा जताएगी.
वहीं राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जीतन राम मांझी ने कहा कि वे एक बेहद ईमानदार और अपनी पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित नेता रहे हैं तथा भविष्य में भी वे राजनीति में बहुत बेहतर कार्य करेंगे.
दक्षिण बिहार को सूखे से मिलेगी राहत, गया में भी बनेगा मरीन ड्राइव
दक्षिण बिहार में लगातार बन रही सूखे की गंभीर स्थिति पर उन्होंने कहा कि यह एक प्राकृतिक समस्या है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए सोन नदी का पानी फल्गु नदी तक लाने की बड़ी योजना पर काम चल रहा है.
उन्होंने पुरजोर दावा किया कि गया के निकट बैराज निर्माण और नहर परियोजना से दक्षिण बिहार को सूखे से बड़ी राहत मिलेगी. इसके साथ ही उन्होंने विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि जिस तरह राजधानी पटना में मरीन ड्राइव बना है, ठीक उसी तरह भविष्य में गया में भी मरीन ड्राइव का भव्य निर्माण कराया जाएगा.
