गया जी के वजीरगंज प्रखंड के सहिया पंचायत स्थित सीरी गांव निवासी ईश्वर मांझी की 50 वर्षीय पत्नी रजिया देवी की मौत इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज गया ले जाने के दौरान रास्ते में हो गई.
परिजनों ने बताया कि गुरुवार को रजिया देवी घरेलू सामान खरीदने बाजार आई थीं. शाम में बाजार से वापस घर लौटने के लिए वे टेंपू पर सवार हुईं, लेकिन वजीरगंज बाजार से अपने घर सीरी जाने के क्रम में एरु एवं सहिया के बीच अचानक टेंपू का टायर फट गया.
टायर फटने से टेंपू अनियंत्रित हो गया. चालक द्वारा वाहन को रोकने के प्रयास में टेंपू सड़क किनारे करवट हो गया, जिससे महिला सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं.
सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर, रास्ते में तोड़ा दम
महिला को घायल अवस्था में देख टेंपू चालक उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) वजीरगंज लेकर आया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल (मगध मेडिकल कॉलेज, गया) रेफर कर दिया.
रेफर किए जाने के बाद परिजन महिला को लेकर गया स्थित मेडिकल कॉलेज के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन शव को लेकर घर लौट आए.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, मुआवजा देने की मांग
शुक्रवार को मृत महिला के शव को वजीरगंज थाना लाया गया, जहां से पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया भेज दिया. इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना पर दुख व्यक्त करते हुए समाजसेवी श्यामसुंदर रजक उर्फ किशोरी रजक एवं 'हम' पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष रामबली मांझी ने कहा कि पीड़ित परिवार अत्यंत गरीब है. उन्होंने प्रखंड एवं जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिजनों को आर्थिक राहत मिल सके.
Also Read : गया जी : तीन दिन की बारिश से टूटी सड़क बनी परेशानी, शिकायत के बाद प्रशासन ने कराया दुरुस्त
