इमामगंज में 35 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी, पूछताछ के लिए एक युवक हिरासत में

Gaya Ji News : इमामगंज के कुजेसर गांव में दिव्यांग युवक की हत्या से सनसनी। शराब विवाद की आशंका के चलते पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, जांच जारी है।

Gaya Ji News : इमामगंज थाना क्षेत्र के कुजेसर गांव के कसाई टोली में 35 वर्षीय राजदेव भारती की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.

पत्नी ने दो लोगों पर जताया हत्या का संदेह

मृतक की पत्नी मुनिया देवी ने बताया कि घटना से पहले दो लोग उनके घर शराब पीने आए थे. कुछ देर बाद घर के बाहर उनके पति का शव मिला. उन्होंने आरोप लगाया कि शराब पीने आए उन्हीं लोगों पर उन्हें हत्या का संदेह है. साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

घटनास्थल से बरामद बाइक, युवक हिरासत में

घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक भी बरामद की है. बुधवार सुबह रोहित कुमार नामक युवक अपनी बाइक लेने पहुंचा तो ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.

ग्रामीणों ने अवैध शराब कारोबार का लगाया आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि मुनिया देवी के घर पर अवैध शराब का कारोबार होता है और वहां प्रतिदिन लोग शराब पीने आते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हत्या शराब से जुड़े किसी विवाद का परिणाम प्रतीत होती है. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस प्रशासन पर भी उठाए सवाल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कसाई टोली में तीन-चार स्थानों पर लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही थी, लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की.

सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और दोषियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.

Also Read : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राकेश कुमार सिंह ने किया स्वागत



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >