लुटुआ के मेहराव जंगल से आइइडी समेत कई विस्फोटक सामान बरामद

बम निरोधक दस्ता ने आइइडी व पाइप बम को विस्फोट कर किया निष्क्रिय

बम निरोधक दस्ता ने आइइडी व पाइप बम को विस्फोट कर किया निष्क्रिय प्रतिनिधि, बांकेबाजार. इमामगंज के लुटुआ थाना क्षेत्र के मेहराव जंगली क्षेत्र से ढाई किलोग्राम का एक आइइडी व कारतूस बरामद करने में बड़ी कामयाबी सुरक्षा बलों को मिली है. इस सबंध में लुटुआ प्रभारी थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने बताया कि सीआरपीएफ डी/47 बटालियन के कमांडेंट अवधेश कुमार के दिशा-निर्देशन में डी/47 बटालियन सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट राजेश कुमार मौर्य व जिला पुलिस के संयुक्त अभियान में मेहराव जंगली क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया. जब सर्च ऑपरेशन जंगल में चलाया जा रहा था, तभी नक्सलियों की ओर से छुपाकर रखे गये विस्फोटक पर नजर पड़ी. उसके बाद इसकी सूचना वरीय अधिकारी को देकर स्थल पर गहन सर्च किया गया. इसमें ढाई किलो का एक आइइडी, 315 बोर के पांच कारतूस, तीन पाइप बम, 12 वोल्ट की तीन बैटरियों के अलावा दवाइयां, लाइटर, तार व दैनिक उपयोग की कई सामग्री बरामद की गयी है. उन्होंने बताया कि आइइडी और पाइप बम को घटनास्थल पर ही बम निरोधक दस्ता ने सुरक्षित तरीके से विस्फोट कर निष्क्रिय कर दिया. वहीं, अन्य सामान को थाना लाया गया है. विदित हो कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस बल लगातार तलाशी अभियान चलाता है, ताकि नक्सलियों के इरादे को नाकाम किया जा सके. जानकारी देते चलें कि पिछले शुक्रवार को भी लुटुआ थाना क्षेत्र के लडुईया व सिंघवा पहाड़ी से डेटोनेटर सहित बड़ी संख्या में विस्फोटक व अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किये गये थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Roshan Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >