Gaya News: (गुरुआ से डॉ.प्रमोद कुमार वर्मा की रिपोर्ट)
गुरुआ प्रखंड के चिलोर पंचायत स्थित ढिबरा स्टेडियम में आयोजित ग्यारह दिवसीय महारुद्र यज्ञ के नौवें दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. अयोध्या से पधारे जगतगुरु श्रीराम दिनेशाचार्य जी महाराज ने अपने मुखारविंद से भक्तिमय प्रवचन देकर श्रद्धालुओं को धर्म और भक्ति का संदेश दिया.
दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु
प्रवचन सुनने के लिए आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ स्थल पहुंचे. रे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा. यज्ञ स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और लोग धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर शामिल हुए.
धर्म और भक्ति से मिलता है जीवन को सही मार्ग
जगतगुरु श्रीराम दिनेशाचार्य जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि धर्म और भक्ति मानव जीवन का आधार है. उन्होंने कहा कि यज्ञ, पूजा और सत्संग से समाज में सुख, शांति और भाईचारे की भावना मजबूत होती है. लोगों से आपसी प्रेम, सद्भाव और सत्य के मार्ग पर चलने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं.
बाबा सीताराम दास जी महाराज के सानिध्य में चल रहा महारुद्र यज्ञ
यह ग्यारह दिवसीय महारुद्र यज्ञ बाबा सीताराम दास जी महाराज के सानिध्य में संचालित हो रहा है. प्रवचन के दौरान पूरा यज्ञ स्थल भक्ति रस में डूबा नजर आया. श्रद्धालु देर रात तक भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद लेते रहे.
आयोजन को सफल बनाने में जुटे समिति सदस्य और ग्रामीण
महायज्ञ को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य और स्थानीय ग्रामीण सक्रिय सहयोग कर रहे हैं. आयोजन में अतिपिछड़ा आयोग के सदस्य अमित कुमार दांगी, जीप सदस्य करुणा कुमारी, अनिल कुमार यादव, दिनेश कुमार, महायज्ञ अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव और अखिलेश सिंह समेत कई लोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
दिन-प्रतिदिन बढ़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
महारुद्र यज्ञ में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है. श्रद्धालु यज्ञ स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना कर रहे हैं.
Also Read: गया में तेज आंधी बारिश से भारी तबाही, पेड़ों की टहनियां-बिजली के तार टूटे, वज्रपात में एक की मौत
