पितृपक्ष मेला की तैयारी में शिथिलता बरतने के आरोप में जल व्यवस्था के कार्यपालक अभियंता से स्पष्टीकरण मांगने व सहायक अभियंता के खिलाफ प्रपत्र 'क' गठित करने का प्रस्ताव नगर निगम स्टैंडिंग की बैठक में पारित किया गया है.
इसके साथ ही डीजल हेराफेरी मामले में स्वच्छता पदाधिकारी की सेवा नगर विकास को वापस करने के साथ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा का प्रस्ताव पारित किया गया. बैठक का संचालन सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने किया.
अधिकारियों पर कार्रवाई का फैसला
मेला शुरू होने में 10-12 दिन शेष रहने के बाद भी 17 सोलर वाटर एटीएम के टेंडर की प्रक्रिया पूरी न करने पर जल व्यवस्था के इंजीनियरों पर कार्रवाई का निर्णय लिया गया.
स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार पर नियम विरुद्ध अधिक डीजल आपूर्ति कराने, समय पर नाला सफाई न कराने, बाहरी लोगों से निगम का काम कराने और स्वनिधि राशि के दुरुपयोग के गंभीर आरोपों के तहत सेवा वापस करने का प्रस्ताव पारित हुआ. नगर आयुक्त डॉ गगन ने भी दो माह से कर्मचारियों और अभियंताओं के असहयोग पर नाराजगी जताई.
कचरे पर इत्र का होगा छिड़काव
मेयर डॉ वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने कहा कि मेला क्षेत्र की सफाई आउटसोर्सिंग के माध्यम से कराई जाएगी ताकि पूरा क्षेत्र चकाचक दिखे. खराब स्ट्रीट लाइट और रोपवे लाइट को दुरुस्त करने के लिए टीम गठित की गई है.
मेला क्षेत्र से निकलने वाले कचरे से बदबू न फैले, इसके लिए कचरे पर इत्र का छिड़काव कराया जाएगा और कचरे को पूरी तरह ढककर रखा जाएगा. सफाईकर्मियों को ड्रेस कोड में काम करना अनिवार्य होगा.
सफाई उपकरणों की होगी खरीदारी
शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 170 ठेला रिक्शा, 1500 डस्टबिन, 60 हाइटिपर और दो मिनी जेसीबी मशीन खरीदने का फैसला लिया गया.
तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए नगर निगम की ओर से सभी आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं ताकि रात में भी मेला क्षेत्र रोशनी से जगमग रहे और किसी को परेशानी न हो.
फाउंटेन से पौराणिक महत्ता की प्रस्तुति
देवघाट स्थित फल्गु नदी में माता सीता और राजा दशरथ के पिंडदान से जुड़ी धार्मिक महत्ता को पानी के फाउंटेन के माध्यम से ऑडियो-वीडियो के जरिए दिखाया जाएगा.
इससे देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को गया जी की पौराणिक महत्ता समझने में मदद मिलेगी. बैठक में नगर आयुक्त डॉ गगन, डिप्टी मेयर चिंता देवी, मनोज कुमार, सारिका वर्मा, विनोद कुमार यादव, उपेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद थे.
