गया जी : युवक के बुलावे पर घर से निकली LLB छात्रा, मोबाइल हुआ स्विच ऑफ; 4 दिन बाद झारखंड की माइंस में मिला शव

Gaya Ji Missing Girl Case : गया जी की एक LLB छात्रा युवक के बुलावे पर घर से निकली थी, जिसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया. चार दिन बाद झारखंड के चतरा जिले में एक पुराने माइंस के गड्ढे से उसका शव बरामद किया गया. परिजनों ने एक होटल संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

शेरघाटी से नवीन कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Gaya Ji Missing Girl Case :
गया जिले के डोभी प्रखंड (अक्षमा गांव) की रहने वाली एक छात्रा दिव्या कुमारी पिछले चार दिनों से लापता थी. उसका शव झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज इलाके में, जजलो गांव के पास एक पुराने खदान (माइंस) के गड्ढे से मिला है. हंटरगंज पुलिस ने जब शव को बरामद किया, तो उसकी पहचान चमारी पासवान की बेटी दिव्या कुमारी के रूप में हुई. इस घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है.

होटल संचालक पर हत्या का आरोप

छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने शेरघाटी के नई बाजार में होटल चलाने वाले एक युवक पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है. मृतका की मां उर्मिला देवी ने आरोप लगाया कि शेरघाटी के नई बाजार में होटल संचालित करने वाला उक्त युवक उनकी बेटी को अक्सर फोन कर डराता-धमकाता था और अपने पास बुलाता था. उन्होंने बताया कि 24 जून 2026 को आरोपी युवक दिव्या को कौलेश्वरी पहाड़ लेकर गया था.

धमकी देकर दोबारा बुलाया बाहर

मां के अनुसार, कौलेश्वरी पहाड़ से लौटने के बाद दिव्या घर आ गई थी, लेकिन बाद में युवक ने दोबारा उसे फोन पर धमकाकर बुलाया. इसके बाद वह घर से निकली और शाम होते-होते उसका मोबाइल फोन पूरी तरह बंद हो गया. मां ने गंभीर आशंका जताई है कि उक्त होटल संचालक युवक ने ही उनकी बेटी की हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पुराने खदान के गहरे गड्ढे में फेंक दिया.

Also Read : बोधगया का बदलेगा रूप : महाबोधि कॉरिडोर और सैटेलाइट टाउनशिप के लिए विश्व बैंक की टीम ने किया सर्वे

आरोपी ने होटल पर की बदसलूकी

मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को वह अपनी मां के साथ नई बाजार स्थित आरोपी युवक के होटल पर अपनी बहन के बारे में जानकारी लेने पहुंची थी. वहां पूछताछ करने पर आरोपी युवक गाली-गलौज और हंगामा करने लगा. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे लोग बहन के लापता होने की शिकायत लेकर शेरघाटी थाना पहुंचे, तो वहां भी आरोपी युवक पहुंच गया और पुलिस के सामने ही गाली-गलौज करने लगा.

समय पर कार्रवाई न होने का मलाल

परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने उनका आवेदन लेने से इनकार कर दिया और यह कहते हुए वापस लौटा दिया कि वे डोभी थाना क्षेत्र की निवासी हैं, इसलिए वहीं जाकर शिकायत दर्ज कराएं. परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस उनकी शिकायत दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करती, तो संभवतः उनकी बेटी की जान बचाई जा सकती थी.

Also Read : झारखंड में सड़क हादसे में गया जी के ट्रक चालक की मौत, 4 माह के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

दिव्या कुमारी गया स्थित अनुग्रह नारायण मेमोरियल कॉलेज में एलएलबी की मेधावी छात्रा थी और शेरघाटी व्यवहार न्यायालय में वकालत सीख रही थी.

हजारीबाग भेजा गया शव

हंटरगंज थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने एक युवती का शव पुराने खदान के गड्ढे से बरामद किया है. हालांकि शव की पूरी तरह पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन डोभी के अक्षमा गांव से पहुंचे लोगों ने शव की पहचान दिव्या कुमारी के रूप में की है. अंतिम पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के लिए परिजनों को हजारीबाग भेजा गया है.

जांच में जुटी पुलिस

इधर, शेरघाटी थाने द्वारा शिकायत दर्ज नहीं किए जाने के मामले में पूछे जाने पर डीएसपी संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर शुक्रवार को ही मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है.

Also Read : गया जी में शादी के एक साल बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >