गया जी जिले के गुरुआ के रघुनाथ खाप स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का मंगलवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मुरारी गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं की प्रतिभा और सवालों के बेबाक जवाब से डीइओ काफी प्रभावित हुए.
बच्चों से बातचीत करते-करते वे कक्षा में शिक्षक की भूमिका में नजर आए और पाठ्यक्रम से जुड़े कई प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक समझ को परखा.
डीइओ ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पढ़ाई की स्थिति और विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेने के बाद छात्रों से विभिन्न विषयों के पाठ्यक्रम आधारित सवाल किए. विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए. उनकी जानकारी और प्रतिभा से प्रभावित होकर डीइओ ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया.
मॉडल स्कूल बनने के बाद हुए बदलाव और छात्रों की प्रतिक्रिया
उन्होंने छात्रों से यह भी जाना कि मॉडल स्कूल बनने से पहले और वर्तमान शैक्षणिक व्यवस्था में क्या अंतर आया है. विद्यार्थियों ने बताया कि मॉडल स्कूल बनने के बाद पढ़ाई पहले की तुलना में और बेहतर हुई है. नियमित रूप से कंप्यूटर की कक्षाएं हो रही हैं.
Also Read : भोजपुर का बाबा लंगटनाथ धाम: जहां शिव पूजा से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं, 5 तस्वीरों में जानिए कहानी
स्कूल की लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों का लाभ मिल रहा है. इसके अलावा स्मार्ट क्लास के माध्यम से पढ़ाई और प्रयोगशाला में प्रैक्टिकल कक्षाएं भी कराई जा रही हैं. छात्रों ने बताया कि विद्यालय में निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई कराई जा रही है.
शिक्षकों के साथ बैठक और शैक्षणिक व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के बाद डीइओ ने विद्यालय के सभी शिक्षकों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने पाठ्य योजना, शिक्षण कार्य, विद्यालय की आधारभूत संरचना व उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली. उन्होंने शिक्षकों से शैक्षणिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार के लिए सुझाव भी मांगे.
प्रतिभा को निखारने और बेहतर वातावरण पर जोर
डीइओ ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने और नियमित अध्ययन-अध्यापन के माध्यम से बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया.
