JEE Advanced टॉपर शुभम कुमार के घर पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, मिठाई खिलाकर दी बधाई

Gaya JEE Advanced Topper : जेईई एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करने वाले गया के शुभम कुमार के घर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार पहुंचे. उन्होंने शुभम को मिठाई खिलाकर बधाई दी और कहा कि यह ऐतिहासिक सफलता बिहार के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है.

गयाजी से हरिबंश कुमार की रिपोर्ट:
Gaya JEE Advanced Topper :
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को गया निवासी प्रतिभाशाली छात्र शुभम कुमार के पैतृक आवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी. शुभम ने जेईई एडवांस्ड 2026 की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर (ऑल इंडिया रैंक-1) पर पहला स्थान प्राप्त किया है. विधानसभा अध्यक्ष गया शहर के नादरागंज ब्राह्मणी घाट स्थित शुभम के मोहल्ले पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहीर की.

शुभम और उनके परिजन बेहद खुश

इस दौरान उन्होंने शुभम कुमार को अपने हाथों से मिठाई भी खिलाई. डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गया जिले के होनहार छात्र शुभम कुमार ने ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर न केवल गया का, बल्कि पूरे बिहार का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने 360 में से 330 अंकों के साथ यह असाधारण सफलता हासिल की है, जो उनकी कठिन मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और असाधारण प्रतिभा का परिणाम है. विधानसभा अध्यक्ष को अपने घर पर देखकर शुभम और उनके परिजन बेहद खुश नजर आए.

शुभम की सफलता बिहार के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि शुभम की यह बड़ी उपलब्धि बिहार के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बनेगी. यह सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य के प्रति सच्चा समर्पण, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास हो, तो किसी भी ऊंचाई को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी शुभम ने जेईई मेन 2026 की परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया था. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार के युवा शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं, और शुभम की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करेगी.

भविष्य में देश और बिहार का नाम विश्व पटल पर करेंगे गौरवान्वित

विधानसभा अध्यक्ष ने इस कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले अन्य सभी विद्यार्थियों को भी अपनी शुभकामनाएं दीं. उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि शुभम कुमार भविष्य में अपने ज्ञान, प्रतिभा और नवाचार (इन्वेंशन) के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे. इसके साथ ही वे भविष्य में बिहार और पूरे देश का नाम विश्व पटल पर और अधिक गौरवान्वित करेंगे.

Also Read: गयाजी में 1 अगस्त से जिला किड्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन, 4 से 12 साल के बच्चे लेंगे भाग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >