Gaya Ji News : गया के शेरघाटी थाना क्षेत्र के झौर गांव में गुरुवार देर रात चोर होने के शक में 15 वर्षीय किशोर की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान पंकज उर्फ बंडा मांझी (15 वर्ष), निवासी झौर गांव के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किशोर को इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामले में दो ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
परिजनों ने लगाया बेरहमी से हत्या का आरोप
परिजनों के अनुसार पंकज तीन भाइयों में सबसे छोटा था. मृतक की मां मुनिया देवी ने आरोप लगाया कि गांव के बालेश्वर यादव और उनके परिवार के लोगों ने उसके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की. उनका कहना है कि पंकज के हाथ-पैर बांधकर उसे घर में रखा गया और लगातार पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई.
दादी और ग्रामीणों ने बताई घटना की पूरी कहानी
मृतक की दादी ससीया देवी ने बताया कि देर रात बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए पंकज को खोजने लगे. जब वह मिला तो उसे पकड़कर मारपीट करते हुए अपने साथ ले गए. वहीं गांव की महिला लाखो देवी और ब्रह्मदेव यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 12 बजे कई लोग पंकज के घर पहुंचे थे और उसके साथ मारपीट करते हुए उसे अपने साथ ले गए.
ग्रामीणों की अलग-अलग कहानी भी आई सामने
घटना को लेकर ग्रामीणों के अलग-अलग बयान भी सामने आए हैं. कुछ ग्रामीणों के अनुसार पंकज पहले शैलेश मांझी के घर में घुसा था. शैलेश की बहन ने बताया कि रात करीब 12 बजे पंकज उनके घर में घुसा और पहले बल्ब खोल दिया. इसके बाद वह घर के बाहर छिप गया. जब घरवालों की नींद खुली तो उसे दीवार के पीछे देखा गया. बाद में वह दोबारा घर के अंदर आने लगा, जिस पर उसे रोक दिया गया. इसके बाद वह भागने लगा तो लोगों ने उसे पकड़कर थप्पड़ मारा और घर जाने को कहा. ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इसके बाद पंकज बालेश्वर यादव के घर पहुंच गया. कुछ लोगों ने दावा किया कि इससे पहले भी वह बालेश्वर यादव के घर में घुस चुका था, जिसे लेकर थाने में मामला दर्ज कराया गया था.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया. मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर भरत यादव ने बताया कि किशोर की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की सूचना मिली है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गांव में तनाव, पुलिस की निगरानी जारी
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. एहतियात के तौर पर पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पक्षों से पूछताछ कर रही है और साक्ष्य जुटाने में लगी है.
Also Read : गया जी में मालगाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौत, पति गंभीर घायल
