डोभी के बहेरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर बहेरा थाना गेट के पास बुधवार को वाहन जांच के दौरान बड़े पैमाने पर विदेशी शराब बरामद की. झारखंड की ओर से आ रही खीरा लदा पिकअप की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें विभिन्न ब्रांड की कुल 1170 लीटर विदेशी शराब मिली.बहेरा थानाध्यक्ष रविरंजन कुमार ने बताया की झारखंड के हंटरगंज के तरफ से आ रही पिकअप वैन को रोका गया खीरा को हटाकर उसकी तलाशी लेने पर पिकअप के ट्रकबॉक्स की जाँच की गई तो वहां असंबद्ध तरीके से रखे पैकेटों में विदेशी शराब मिली.
झारखंड से लायी जा रही थी शराब
मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया की यह शराब लदा पिकअप वैन झारखंड के बालुमाथ से पटना लेकर जा रहा था. इसी क्रम में वाहन जांच दौरान पिकअप वैन शराब के साथ पकड लिया गया गिरफ्तार युवक की पहचान औरंगाबाद जिला के थाना हसपुरा अंतर्गत बैंकेंथी गांव निवासी पिंटू पासवान के रूप में हुई है.
औरंगाबाद का है गिरफ्तार पिकअप चालक
बहेरा थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिक जाँच में बरामद शराब के पैकेटों पर अलग-अलग ब्रांड के लेबल मिले हैं और कुल मात्रा लगभग 1170 लीटर आंकी गई है. उन्होंने कहा कि फिलहाल शराब की सही कीमत और उसका अवैध स्रोत पता लगाने के लिए पहल की जा रही है. वाहन के कागजात और शराब संबंधी कड़ियों की छानबीन जारी है. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
