नगर पर्षद शेरघाटी कार्यालय परिसर में मंगलवार को स्कूली बच्चों के बीच स्वच्छता एवं आवास योजना विषय पर चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बच्चों ने चित्रों और निबंध के माध्यम से स्वच्छ वातावरण, साफ-सुथरे शहर और सभी के लिए आवास की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया.
मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य पार्षद गीता देवी एवं कार्यपालक पदाधिकारी रिचा प्रियदर्शनी ने प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में सामाजिक सरोकार, रचनात्मक सोच और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा.
अधिकारी और गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर सिटी मैनेजर मोहम्मद साबिर अंसारी, अभियंता बिजेंदर कुमार, कनीय अभियंता बृजेंद्र कुमार, रवि रंजन तथा स्वच्छता प्रबंधन पदाधिकारी सुमित सौरव सहित नगर परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रतिभागियों और शिक्षकों ने नगर परिषद की पहल की सराहना की.
