Gurua Rain Safety Alert : लगातार हो रही बारिश के कारण गुरुआ थाना क्षेत्र के नदी, तालाब, आहर, पइन समेत अन्य जलस्रोतों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है. कई नदी तालाब लबालब भर गए हैं. ऐसे में गहरे पानी में नहाने या मौज-मस्ती के लिए उतरना जानलेवा साबित हो सकता है.
पिछले दिनों पानी में डूबने की घटनाओं को देखते हुए गुरुआ थाना पुलिस ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
बारिश के कारण जलस्रोतों का बढ़ा जलस्तर, गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल
थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि बारिश के दौरान नदी, तालाब, आहर और पइन में अचानक पानी बढ़ने से कई जगहों पर गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. खासकर बच्चे खेलते-खेलते जलस्रोतों के किनारे पहुंच जाते हैं और गहरे पानी में जाने से हादसे का शिकार हो सकते हैं.
अभिभावकों से अपील, बच्चों को जलस्रोतों के पास अकेले न जाने दें
थानाध्यक्ष ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को नदी, तालाब, आहर और पइन में अकेले न जाने दें.
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान लोग खुद भी गहरे पानी में नहाने से बचें तथा दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों से दूर रहें.
सावधानी ही सुरक्षा, जरा सी लापरवाही छीन सकती है खुशियां
थानाध्यक्ष ने कहा कि सावधानी ही सुरक्षा है. जरा सी लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है. उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि वे बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें बारिश के मौसम में जलस्रोतों से दूर रहने के लिए जागरूक करें.
Also Read : गया जंक्शन पर चार दिन मेगा ब्लॉक, ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे; पुराने फुट ओवरब्रिज को तोड़ा जाएगा
स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी करें जागरूक: पुलिस
पुलिस ने आम लोगों से स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में होने वाली डूबने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
