गया जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार ने विधानसभा उपचुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि बिहार, मध्य प्रदेश एवं गुजरात में हुए विधानसभा उपचुनाव के परिणाम देश की राजनीति में बदलाव के संकेत दे रहे हैं. बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र तथा मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवारों की हार यह दर्शाती है कि आम जनता के बीच बदलाव की भावना मजबूत हो रही है. धनबल, बाहुबल, सत्ता और धर्म के नाम पर राजनीति करने की तमाम कोशिशों के बावजूद जनता ने अपने मताधिकार के माध्यम से अपना संदेश स्पष्ट कर दिया है.
उन्होंने कहा कि विधानसभा उपचुनाव के परिणाम लोकतंत्र, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और जनहित के बुनियादी सवालों को नजरअंदाज करने वाली राजनीति के खिलाफ जनता की प्रतिक्रिया है. देश का छात्र, युवा, महिला, किसान, मजदूर और आम नागरिक अब अपने वास्तविक मुद्दों पर जवाब चाहता है.
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश की राजनीति में शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, महंगाई और किसान-मजदूरों के हित प्रमुख मुद्दे होंगे. विधानसभा उपचुनाव के परिणामों ने जनता के बदलते मिजाज का संकेत दे दिया है और आने वाले समय में इसका असर देश की राजनीति पर स्पष्ट रूप से दिखाई देगा.
