Darbhanga News: जिले में चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. बीते एक सप्ताह में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और चोरी के प्रयास की आधा दर्जन से अधिक घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का उद्भेदन नहीं हो सका है. इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में लोग रातभर जागकर अपने घरों की रखवाली करने को मजबूर हैं.
पहले चोरी की घटनाएं अधिकतर ठंड और पर्व-त्योहार के दौरान सामने आती थीं, लेकिन इस बार गर्मी के मौसम में लगातार हो रही वारदातों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.
महिला और किशोरी के बाल काटने की घटना से फैली दहशत
सबसे अधिक भय बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव की दो घटनाओं से फैला है. यहां चोरी के दौरान एक महिला और बाद में एक किशोरी के बाल काट दिए गए. इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
उधर, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने सभी थानाध्यक्षों को चोरी की घटनाओं के शीघ्र उद्भेदन, रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
10 जुलाई को चिकित्सक और मंदिर बने थे निशाना
10 जुलाई की रात बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में होमियोपैथ चिकित्सक पवन मिश्रा के घर चोरों ने धावा बोला. घर में जाग होने पर चोरों ने चिकित्सक की पुत्रवधू को बंधक बना लिया और लाखों रुपये के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. इस दौरान महिला के बाल भी काट दिए गए.
इसी रात बहेड़ी थाना क्षेत्र के जोरजा गांव स्थित दुर्गेश्वर नाथ मंदिर में भी चोरी हुई, जहां से चोर दानपात्र समेत अन्य सामान ले गए.
17 जुलाई की रात तीन जगह हुई बड़ी चोरी
17 जुलाई की रात केवटी, जाले और बहादुरपुर थाना क्षेत्रों में चोरी की तीन बड़ी घटनाएं हुईं, जिनमें 22 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है.
केवटी थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यवसायी अशोक कुमार के घर से डेढ़ लाख रुपये नकद सहित करीब 12 लाख रुपये के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिया गया.
जाले थाना क्षेत्र की सहसपुर पंचायत के चंदौना गांव में आंगनबाड़ी सेविका बेबी कुमारी के घर से नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई.
वहीं, बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में शिक्षक सुमन कुमार चौधरी के घर चोरी करने पहुंचे बदमाशों के हाथ केवल एक हजार रुपये लगे, लेकिन घर में मौजूद किशोरी के बाल काट दिए. इस दूसरी घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा दोनों बढ़ गई हैं.
पुलिस के सामने बढ़ी चुनौती
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं होने से पुलिस पर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है. लोगों का कहना है कि प्रभावी रात्रि गश्त और त्वरित कार्रवाई से ही ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है.
