जाले में आंगनबाड़ी सेविका के घर 10 लाख की चोरी, ग्रिल तोड़कर जेवर और नकदी ले गए चोर

जाले थाना क्षेत्र के चंदौना गांव में गुरुवार देर रात आंगनबाड़ी सेविका बेबी कुमारी के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोला। खिड़की का ग्रिल तोड़कर घुसे चोर करीब 10 लाख रुपये के कीमती सामान, नकदी और जेवर ले उड़े।

Darbhanga News: जाले थाना क्षेत्र की सहसपुर पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित चंदौना गांव में गुरुवार की देर रात आंगनबाड़ी सेविका बेबी कुमारी के घर में बड़ी चोरी की घटना हुई. अज्ञात चोर खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में घुसे और करीब 10 लाख रुपये मूल्य की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

Jale News: ग्रिल तोड़कर घर में घुसे चोर

पीड़िता बेबी कुमारी ने बताया कि रात में भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सो गई थीं. इसी दौरान चोरों ने खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पूरी घटना के दौरान उन्हें किसी प्रकार की भनक तक नहीं लगी.

जेवर, नकदी और पोषाहार की राशि भी ले गए

शुक्रवार सुबह उठने पर घर का सामान बिखरा मिला. जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा हुआ था. पीड़िता के अनुसार चोर सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद, पोषाहार मद के सात हजार रुपये, कीमती साड़ियां तथा सुधा दूध के पैकेट तक अपने साथ ले गए. चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद जाले थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. मामले में आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: दरभंगा में दो बच्चों के पिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने नशे के कारोबार पर उठाए सवाल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >