दरभंगा: नगर परिषद क्षेत्र के मोहन बहेड़ा निवासी दंपति की सड़क हादसे में मौत हो गयी. दोनों सिमरिया धाम से गंगा स्नान कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान एसएच-55 पर पंचवट्टी चौक के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
जानकारी के मुताबिक, मोहन बहेड़ा निवासी परमेश्वर मंडल के 45 वर्षीय पुत्र राधेश्याम मंडल अपनी पत्नी माला देवी के साथ सिमरिया से गंगा स्नान कर वापस लौट रहे थे. पंचवट्टी चौक के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी.
हादसे की सूचना मिलते ही मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की मां बुच्ची देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं घर पहुंचीं. घटना से परिवार पर विपत्तियों का पहाड़ टूट पड़ा है.
मृतक के परिवार में दो पुत्रियां सोनी कुमारी, 16 वर्ष और पिंकी कुमारी, 14 वर्ष हैं. पिंकी दिव्यांग बतायी गयी है. वहीं, पुत्र संतोष कुमार मंडल 18 वर्ष का है और पढ़ाई कर रहा है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये शव
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. परिजन शव लाने के लिए समस्तीपुर चले गये हैं. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें
चार दिन से लापता मानसिक रूप से बीमार युवती सुपौल बाजार में मिली, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
