Darbhanga News: सदर प्रखंड क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों के लिए नए राशन कार्ड बनाने और परिवार के सदस्यों का नाम जोड़ने की प्रक्रिया मिशन मोड में शुरू कर दी गई है. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से 21 जुलाई से ऑफलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं. अब तक करीब दो हजार लाभार्थी अपना आवेदन जमा कर चुके हैं.
पांच अगस्त तक तीन हजार आवेदन का लक्ष्य
प्रखंड आपूर्ति कार्यालय के अनुसार पांच अगस्त तक लगभग तीन हजार आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. आवेदन प्राप्त होने के बाद प्रत्येक लाभार्थी का विवरण कार्यालय के पंजी में क्रमवार दर्ज किया जा रहा है.
पंजी में आवेदन क्रमांक, लाभार्थी का नाम, आधार संख्या, परिवार के यूनिट की संख्या तथा आय संबंधी विवरण दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि आगे की प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी की जा सके.
आवेदन प्रक्रिया को बनाया गया आसान
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) राजेश कुमार ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए संबंधित पंचायतों के विकास मित्र, जीविका दीदी और जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलरों को भी जिम्मेदारी दी गई है. इनके माध्यम से पात्र लाभार्थी आसानी से आवेदन जमा कर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि यदि कोई पात्र व्यक्ति स्वयं आवेदन करना चाहता है तो वह निर्धारित प्रपत्र के साथ सीधे प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में आवेदन जमा कर सकता है.
यह भी पढ़ें: सिंहवाड़ा में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस जांच जारी
