Darbhanga News: तैयारी पूरी, सभी 10 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन आज से

Darbhanga News: जिले के सभी 10 विधानसभा सीटों के लिए शुक्रवार से नामांकन प्रारंभ होगा. नामांकन 17 अक्तूबर तक किया जा सकेगा.

Darbhanga News: दरभंगा. जिले के सभी 10 विधानसभा सीटों के लिए शुक्रवार से नामांकन प्रारंभ होगा. नामांकन 17 अक्तूबर तक किया जा सकेगा. निर्धारित तिथि को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष अभ्यर्थी नामांकन पर्चा दाखिल कर सकेंगे. सार्वजनिक अवकाश एवं रविवार को नामांकन नहीं होगा. निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय के 100 मीटर की परिधि में अभ्यर्थी तीन से अधिक वाहन नहीं ले जा सकेंगे. निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में नामांकन के लिए अभ्यर्थी सहित मात्र पांच लोग ही प्रवेश कर सकते हैं. अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र के साथ शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा. इनमें उनकी व्यक्तिगत जानकारी, संपत्ति का विवरण, आपराधिक पृष्ठभूमि और शैक्षणिक योग्यता आदि का उल्लेख होगा. अभ्यर्थियों को अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि के संबंध में जानकारी देनी है.

वारंटी की सूची के साथ पुलिस पदाधिकारी रहेंगे तैनात

निर्वाची पदाधिकारी कक्ष के बाहर नामांकन का पर्चा दाखिल करने के दिन पुलिस पदाधिकारी वारंटी की सूची के साथ तैनात रहेंगे. परिसर में वीडियो ग्राफी भी करायी जायेगी.

निर्वाची पदाधिकारियों के कार्यालय परिसर में लगाया गया टेंट

सभी नामांकन स्थल पर टेंट लगाया गया है. टेंट में लोगों के बैठने के लिये टेबल व कुर्सी भी लगा दिये गए हैं. पूछताछ केंद्र बनाया गया है. प्रत्येक नामांकन स्थल पर ड्रॉप गेट एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है. सभी नामांकन स्थल पर एक-एक मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी के साथ 10 जवानों की तैनाती की गई है. इसमें सशस्त्र जवान भी शामिल हैं. इन सभी स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं. निर्वाची पदाधिकारियों के कक्ष में तथा प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है. कक्ष में दीवाल घड़ी लगाई गई है. नामांकन के समय वीडियो ग्राफी कराई जायेगी.

यहां-यहां बनाये गये ड्रॉप गेट

नामांकन स्थलों पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए 25 मजिस्ट्रेट और करीब 275 पुलिस पदाधिकारी व जवानों की तैनाती की गई है. अभ्यर्थियों के साथ आने वाले वाहनाें का काफिला, जुलूस को रोकने एवं विधि व्यवस्था संधारण को लेकर जगह-जगह ड्रॉप गेट बनाये गये हैं. समाहरणालय के मुख्य द्वार, प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय, सदर एसडीओ कार्यालय के उत्तर- पश्चिमी भाग, भूमि निबंधन कार्यालय के पूर्वी भाग, सिविल कोर्ट मार्ग में, डीआरडीए कार्यालय, समाहरणालय परिसर के उत्तर एवं पश्चिमी भाग, आरसीडी निरीक्षण कक्ष, दरभंगा क्लब के पास ड्रॉप गेट बनाये गये हैं. ड्रॉप गेटों पर भारी संख्या में पुलिस बल की व्यवस्था की गई है. इसके अलावे नगर निगम, बिरौल एसडीओ कार्यालय, बिरौल डीसीएलआर कार्यालय, बेनीपुर एसडीओ कार्यालय, बेनीपुर डीसीएलआर कार्यालय के आसपास मुख्य स्थलों पर ड्रॉप गेट बनाये गये हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >