Darbhanga News: जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने टीआरई-3 के तहत नियुक्त ऐसे विद्यालय अध्यापकों की सूची तलब की है, जिन्होंने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) से 18 माह का डीएलएड पाठ्यक्रम किया है. इस संबंध में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं.
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर कार्रवाई
जारी पत्र में बताया गया है कि यह कार्रवाई बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के निदेशक (प्रशासन) के 22 जून 2026 के निर्देश के आलोक में की जा रही है.
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि एनआईओएस द्वारा संचालित 18 माह का डीएलएड पाठ्यक्रम विद्यालय अध्यापक पद पर नियुक्ति के लिए मान्य नहीं है.
तीन दिनों में उपलब्ध करानी होगी सूची
इसी के मद्देनजर सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ऐसे सभी टीआरई-3 नियुक्त शिक्षकों की सूची पत्र प्राप्ति के तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
