Darbhanga News: सांसद सह लोकसभा में भाजपा के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने मंगलवार को बलभद्रपुर, लहेरियासराय स्थित संसदीय कार्यालय में डाक विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं के विस्तार, वित्तीय एवं बैंकिंग सुविधाओं को बेहतर बनाने और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने को लेकर कई निर्देश दिये गये.
हर राजस्व गांव में लेटर बॉक्स लगाने का निर्देश
सांसद ने डाक विभाग के अधिकारियों को हर राजस्व गांव में 300 की आबादी पर लेटर बॉक्स लगाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं की पहुंच और उपयोगिता बढ़ाने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी जानी चाहिए.
उन्होंने डाकघरों के माध्यम से भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का संचालन और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा.
डिजिटल बैंकिंग और बीमा सेवाओं पर जोर
डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि उप डाकघर अब केवल चिट्ठी भेजने तक सीमित नहीं हैं. ये डिजिटल बैंकिंग, बीमा और आधार सक्षम भुगतान जैसी सेवाओं के महत्वपूर्ण केंद्र बन चुके हैं.
उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना, पीपीएफ और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना जैसी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें.
जक्सो जमालपुर उप डाकघर का जल्द होगा शुभारंभ
सांसद ने बताया कि जक्सो जमालपुर उप डाकघर का शुभारंभ शीघ्र किया जायेगा. वहीं बैरमपुर उप डाकघर को भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है.
उन्होंने बड़े डाकघरों में पैसे के लेन-देन को आसान बनाने के लिए एटीएम मशीन की व्यवस्था करने और रेलवे टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू करने की पहल करने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि वित्तीय एवं बैंकिंग सेवाओं को प्रभावी और लोकप्रिय बनाने के साथ रेलवे स्टेशनों पर भीड़ कम करने के लिए ऐसी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है.
पार्सल और डाक सेवाओं की रियल-टाइम ट्रैकिंग पर जोर
सांसद ने डाक विभाग के अधिकारियों को डाक, लॉजिस्टिक्स और पार्सल सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिये. उन्होंने रियल-टाइम ऑनलाइन ट्रैकिंग, आरएमएस अलर्ट, पार्सल एवं दस्तावेजों की त्वरित डिलीवरी, इलेक्ट्रॉनिक मनी ऑर्डर, डाक बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा जैसी सेवाओं में तत्परता बरतने को कहा.
बैठक में डाक अधीक्षक मंटू कुमार, सहायक अधीक्षक आशुतोष पाठक, निरीक्षक किशोर चौधरी सहित डाक विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें
Darbhanga News: कपिलेश्वर स्थान से जल चढ़ाकर लौट रहे बाइक सवार युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत
