दरभंगा: बहेड़ी प्रखंड की हावीडीह दक्षिणी और बघौनी पंचायत में मंगलवार को जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया. हावीडीह दक्षिणी पंचायत में आयोजित शिविर में कई विभागों के कर्मी गायब मिले. इस पर स्थानीय विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने नाराजगी जताते हुए बीडीओ रोहित कुमार साह और शिविर प्रभारी शशि कुमार से पंजी मंगवाकर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
शिविर से कई विभागों के कर्मी रहे गायब
हावीडीह दक्षिणी पंचायत में मुखिया राजेश मुखिया की देखरेख में जनसहयोग शिविर लगाया गया था. शिविर के दौरान कई विभागों के कर्मियों की अनुपस्थिति पर विधायक ने अधिकारियों से जानकारी ली.
विधायक ने बीडीओ और शिविर प्रभारी से उपस्थिति पंजी मंगवायी और अनुपस्थित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया. मौके पर सीओ रविकांत, बीपीआरओ उपेंद्र राम और पीओ संजीव कुमार मौजूद थे.
जल संकट समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन
बघौनी पंचायत में मुखिया शमो खातून की उपस्थिति में जनसहयोग शिविर लगाया गया. यहां ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन दिये. लोगों ने विशेष रूप से जल संकट की समस्या विधायक के समक्ष रखी.
विधायक ने शिविर में लगे विभिन्न काउंटरों का जायजा लिया. इस दौरान बीइओ मणिशंकर कुमार सिंह, डॉ बीडी महतो, एमओ रौशन कुमार और सीडीपीओ मीनाक्षी प्रभा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
जाम से मुक्ति के लिए अतिक्रमण हटाने पर जोर
नगर पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान दुकानदारों ने बाजार में जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग विधायक से की. शिकायत सुनने के बाद विधायक ने कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार साह की मौजूदगी में बहेड़ी बाजार से अतिक्रमण हटाने पर जोर दिया.
उन्होंने कहा कि बाजार में अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है. जाम से राहत दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जरूरी है.
