Darbhanga News: दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर पश्चिमी पंचायत स्थित पौनद गांव में पुलिस ने बुधवार को एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस, हथियार बनाने के उपकरण और विदेशी शराब भी बरामद की है.
यह भी पढ़ें: स्पा सेंटर में पुलिस की छापेमारी, चार महिलाएं, एक ग्राहक और प्रबंधक हिरासत में
तीन देसी पिस्टल और 70 कारतूस बरामद
कमतौल थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि गुप्त सूचना के सत्यापन के बाद जिला स्तरीय तकनीकी टीम की मदद से छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान आरोपी संजय कुमार दास के घर से तीन देसी पिस्टल, चार मैगजीन और करीब 70 राउंड 7.64 एमएम कारतूस बरामद किए गए. इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, 18 लीटर विदेशी शराब और पांच लीटर बीयर भी जब्त की गई.
मुंगेर से मंगाया जाता था कच्चा माल
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि हथियार बनाने का कच्चा माल मुंगेर से मंगाकर पौनद गांव में असेंबल किया जाता था. उसने यह भी स्वीकार किया कि वह एक कुख्यात अपराधी के संरक्षण में इस अवैध कारोबार को चला रहा था.
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से शराब तस्करी का मामला दर्ज है.
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एसडीपीओ ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
