एक साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया, कटहल लाने जा रहे युवक की दर्दनाक मौत

दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. बाइक से ससुराल कटहल लाने जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Darbhanga Accident: दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. युवक बाइक से अपनी ससुराल कटहल लाने जा रहा था, तभी एनएच-527बी पर पाराडीह चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था.

अज्ञात वाहन की टक्कर से गई जान

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे एनएच-527बी (दरभंगा-जयनगर मुख्य सड़क) पर पाराडीह चौक के पास हुआ. सूचना मिलते ही केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया.

मृतक की पहचान हनुमाननगर वार्ड-5 निवासी विनोद पंडित के पुत्र कुशेश्वर पंडित (22) के रूप में हुई है.

ससुराल से कटहल लाने जा रहा था युवक

परिजनों के अनुसार, कुशेश्वर पंडित राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था. इस वर्ष उसकी ससुराल मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र के मधेपुर गांव में कटहल की अच्छी पैदावार हुई थी. उसकी सास ने कटहल ले जाने के लिए बुलाया था.

सोमवार सुबह वह बाइक से ससुराल के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया.

पत्नी और एक साल के बेटे का रो-रोकर बुरा हाल

युवक की मौत की खबर मिलते ही घर और ससुराल में मातम छा गया. मृतक की पत्नी अंजनी देवी अपने एक वर्षीय बेटे हिमांशु को गोद में लेकर बिलखती रही. उसकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों की भी आंखें नम हो गईं.

परिजनों के अनुसार, कुशेश्वर परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाना लाया है. अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

यह भी पढे़ं: दरभंगा: जमीन विवाद मामले में दो फरार आरोपितों के घर इश्तिहार, नहीं हुए हाजिर तो होगी अगली कार्रवाई


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >