Darbhanga Education News: राज्य के कई क्षेत्रों में गर्मी के दौरान भूजल स्तर नीचे जाने से सरकारी विद्यालयों में पेयजल संकट की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मध्याह्न भोजन योजना निदेशालय ने दरभंगा जिले से ऐसे विद्यालयों की सूची मांगी है, जहां पेयजल की कमी के कारण मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में परेशानी हो रही है. निदेशालय ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) को 10 जुलाई तक विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
10 जुलाई तक भेजनी होगी सूची
मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक विनायक मिश्र द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि पेयजल संकट से प्रभावित विद्यालयों की अद्यतन सूची निर्धारित प्रारूप में तैयार कर हर हाल में 10 जुलाई तक भेजी जाए. इसका उद्देश्य प्रभावित स्कूलों की पहचान कर समय रहते आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करना है.
मिड-डे मील संचालन पर पड़ रहा असर
निदेशालय के अनुसार ग्रीष्मकाल में कई क्षेत्रों में भूजल स्तर नीचे चले जाने के कारण विद्यालयों में मध्याह्न भोजन तैयार करने और बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में कठिनाई हो रही है. इसी को देखते हुए राज्यभर से ऐसे विद्यालयों का डाटा एकत्र किया जा रहा है, ताकि योजना का संचालन प्रभावित न हो.
विस्तृत जानकारी मांगी गई
शिक्षा विभाग ने सूची में जिले का नाम, प्रखंड, पंचायत, विद्यालय का नाम, प्रधानाध्यापक का नाम, मोबाइल नंबर, यू-डायस कोड समेत अन्य आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने को कहा है. सभी सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में भेजनी होंगी.
प्रभावित विद्यालयों में होगी व्यवस्था
विभाग का कहना है कि सूची प्राप्त होने के बाद पेयजल संकट से जूझ रहे विद्यालयों में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. उद्देश्य यह है कि किसी भी स्थिति में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन योजना और पेयजल व्यवस्था बाधित नहीं होने पाए.
यह भी पढ़ें: 1.64 करोड़ रुपये खर्च का हिसाब नहीं दे पाए 40 सरकारी स्कूल, शिक्षा विभाग ने जारी किया नोटिस
