Darbhanga News: कमतौल थाना क्षेत्र के कोटपट्टी गांव में एक फरवरी को हुई हरिशंकर शर्मा उर्फ बिजुली ठाकुर हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपित के घर शनिवार को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तिहार चस्पाया. आरोपित के निर्धारित समय तक न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
मुख्य आरोपित मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के रघौली गांव निवासी श्याम किशोर ठाकुर का पुत्र अविनाश ठाकुर है, जो इस कांड में नामजद होने के बाद से फरार चल रहा है. दरभंगा न्यायालय के आदेश पर कमतौल थाना के अपर थानाध्यक्ष सह अनुसंधानकर्ता राहुल कुमार ने बिस्फी थाना पुलिस के सहयोग से आरोपित के आवास पर पहुंचकर इश्तिहार चस्पाया.
डुगडुगी पिटवाकर दी गई सूचना
पुलिस टीम ने पहले गांव में डुगडुगी पिटवाकर लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी. इसके बाद न्यायालय द्वारा जारी इश्तिहार आरोपित के घर की दीवार पर चस्पा किया गया. इश्तिहार में आरोपी को निर्धारित तिथि तक न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.
हाजिर नहीं होने पर होगी कुर्की-जब्ती
थानाध्यक्ष ने बताया कि कमतौल थाना कांड संख्या 25/26 में अविनाश ठाकुर मुख्य आरोपित है. घटना के बाद से उसकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका. उन्होंने कहा कि यदि आरोपी तय समय तक न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो कानूनी प्रक्रिया के तहत उसकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की जाएगी.
एक फरवरी को हुई थी गोली मारकर हत्या
जानकारी के अनुसार, एक फरवरी की रात करीब सात बजे कोटपट्टी गांव में अपने घर के दरवाजे पर आग ताप रहे हरिशंकर शर्मा उर्फ बिजुली ठाकुर की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले में अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर दरभंगा जेल भेजा जा चुका है. पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.
