दरभंगा से सूरज कुमार की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा के मध्य विद्यालय, तारलाही परिसर में रविवार को इनर व्हील क्लब और एसवी हॉस्पिटल, लहेरियासराय के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क मल्टी-स्पेशलिटी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों ने स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श और मुफ्त दवाओं का लाभ उठाया. विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी.
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शिविर का शुभारंभ
चिकित्सा शिविर का उद्घाटन इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष डॉ. नीतू मेहता, सचिव अंशु, एसवी हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. श्वेता झा तथा अन्य चिकित्सकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उद्घाटन के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.
कई विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर रहे मौजूद
शिविर में ऑर्थोपेडिक, स्त्री एवं प्रसूति रोग, जनरल सर्जरी, मेडिसिन, दंत रोग और जनरल फिजिशियन विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं. डॉ. गौरी शंकर झा, डॉ. नूतन बाला सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. सविता मिश्रा, डॉ. सुजाता राय, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. मनीष कर्ण, डॉ. उषा झा और डॉ. अर्चना गौतम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें उचित परामर्श दिया.
ब्लड शुगर जांच और दवा भी रही मुफ्त
शिविर में मरीजों के लिए नि:शुल्क ब्लड शुगर जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई. जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाएं वितरित की गईं. ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की.
चिकित्सकों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान के लिए डॉ. गौरी शंकर झा और डॉ. श्वेता झा को सम्मानित किया गया. आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे.
यह भी पढे़ं: वार्ड 29 में गाय की मौत के बाद ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
