Darbhanga: दरभंगा में आवारा कुत्तों का आतंक, 11 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत

दरभंगा में आवारा कुत्तों का आतंक एक मासूम की जान ले गया. 11 वर्षीय बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई. पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga news: दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित एकमी घाट के शास्त्री नगर मोहल्ले में गुरुवार को आवारा कुत्तों के हमले में 11 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर किया हमला

मृतका की पहचान बहेड़ी प्रखंड के जोरजा गांव निवासी भरत सहनी की 11 वर्षीय पुत्री अन्नु कुमारी के रूप में हुई है.

बताया गया कि अन्नु अपने ननिहाल एकमी घाट नवटोलिया में रहकर पढ़ाई करती थी. गुरुवार को वह किसी काम से शास्त्री नगर मोहल्ले की गली नंबर-दो में गई थी. इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया.

बच्ची जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगी, लेकिन कुत्तों का झुंड उस पर टूट पड़ा और गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर काट लिया.

मजदूरों ने बचाई जान, लेकिन नहीं बच सकी बच्ची

घटना के दौरान आसपास निर्माण कार्य में लगे मजदूर और मिस्त्री दौड़कर मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाया. तब तक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी और काफी खून बह चुका था.

आनन-फानन में उसे इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मोहल्ले में दहशत का माहौल

घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों का कहना है कि एकमी घाट, शास्त्री नगर, कुमर नगर और सैदनगर समेत कई मोहल्लों में आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है.

ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले भी कुत्तों के हमले में कई लोगों की मौत हो चुकी है. लोग बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से डरते हैं और बुजुर्ग भी अकेले बाहर निकलने से परहेज करते हैं.

पुलिस ने की पुष्टि

बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि कुत्तों के काटने से गंभीर रूप से घायल बच्ची की डीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है.

दरभंगा के बहादुरपुर से पुरुषोत्तम चौधरी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >