Darbhanga News: दूल्हा बदल कर शादी करने की कोशिश, ग्रामीणों ने 2 महिलाओं सहित 5 को बंधक बनाया

Darbhanga News:दरभंगा के जाले में तय दूल्हे की जगह ज्यादा उम्र का दूसरा युवक बारात लेकर पहुंच गया. फोटो बदलकर शादी कराने की इस साजिश का खुलासा होने पर लड़की पक्ष ने बिचौलिया महिलाओं समेत पांच को बंधक बना लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga News: दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी की वेदी पर तय दूल्हे की जगह किसी और युवक को देखकर हंगामा खड़ा हो गया. मामला इतना बढ़ गया कि लड़की पक्ष ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों को पकड़ कर बंधक बना लिया. यह पूरी घटना देर रात की बताई जा रही है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.

फोटो किसी और की, दूल्हा बनकर पहुंचा कोई और

जानकारी के मुताबिक, लड़की की शादी जिस युवक से तय हुई थी, परिजनों को पहले उसकी तस्वीर दिखाई गई थी. आरोप है कि शादी की बिचौलिया रही दो महिलाओं ने साजिश के तहत तय युवक की जगह दूसरे व्यक्ति को दूल्हा बनाकर भेज दिया. बारात जब रात करीब डेढ़ बजे पहुंची, तो लड़की पक्ष के लोग दूल्हे को देखकर चौंक गए.

उम्रदराज दूल्हे को देख भड़का लड़की पक्ष

बताया जा रहा है कि बारात में दूल्हे के साथ राजस्थान का एक रिश्तेदार भी शामिल था. लड़की पक्ष का आरोप है कि उन्हें जो फोटो दिखाई गई थी, दूल्हा उससे काफी अलग और अधिक उम्र का था. आरोप यह भी है कि बिचौलियों ने अंधेरे का फायदा उठाकर देर रात चुपचाप शादी कराने की कोशिश की थी, लेकिन ऐन वक्त पर उनकी चालाकी पकड़ी गई.

पंचायत और पुलिस की कार्रवाई

मामले की सूचना मिलते ही जाले थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि, लड़की पक्ष के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वे फिलहाल पंचायत के माध्यम से मामले को सुलझाना चाहते हैं. लड़की पक्ष की मांग है कि शादी की तैयारियों में उनका जो भी खर्च हुआ है, उसकी भरपाई की जाए. जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि पुलिस मामले पर नजर रखे हुए है और लिखित आवेदन मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में इस धोखेबाजी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है.

दरभंगा से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >