Darbhanga News: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) के स्नातकोत्तर (PG) द्वितीय सेमेस्टर सत्र 2025-27 में नामांकन की तिथि घोषित कर दी गई है. विश्वविद्यालय के छात्र-कल्याण अध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार मेहता ने इस संबंध में सभी पीजी विभागाध्यक्षों और संबद्ध कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर दिया है. अधिसूचना के अनुसार, नामांकन की प्रक्रिया कल यानी 18 मई से शुरू हो रही है.
18 से 23 मई तक सामान्य शुल्क, बाद में लगेगा जुर्माना
हाल ही में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पीजी प्रथम सेमेस्टर सत्र 2025-27 का परीक्षाफल प्रकाशित किया गया था. इसी रिजल्ट के आधार पर अब द्वितीय सेमेस्टर में दाखिला लिया जाएगा. छात्र बिना किसी अतिरिक्त शुल्क (सामान्य शुल्क) के साथ 18 मई से 23 मई तक अपना नामांकन करा सकते हैं. जो छात्र इस निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन नहीं करा पाएंगे, उन्हें 25 और 26 मई को 100 रुपये विलंब शुल्क (लेट फाइन) के साथ मौका दिया जाएगा.
छात्राओं और SC-ST छात्रों के लिए निःशुल्क नामांकन
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस बार भी छात्रों को बड़ी राहत देते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है. अधिसूचना के अनुसार, सभी वर्गों की छात्राओं तथा अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) के छात्रों से नामांकन के एवज में कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा. उनका नामांकन पूरी तरह निःशुल्क होगा. प्रो. मेहता ने सभी प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समय के भीतर पूरी पारदर्शिता के साथ नामांकन प्रक्रिया को संपन्न कराना सुनिश्चित करें.
दरभंगा से प्रवीण कुमार चौधरी की रिपोर्ट
