Darbhanga News: नगर पंचायत के वार्ड संख्या एक में विकास कार्यों के नाम पर एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. यहाँ बिना काम कराए ही चार करोड़ 62 लाख 96 हजार 23 रुपये की भारी-भरकम राशि की निकासी किए जाने का गंभीर आरोप लगा है. इस मामले को लेकर वार्ड निवासी मो. शौकत ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के न्यायालय में वाद दायर कर निष्पक्ष जांच की मांग की है. इस शिकायत के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है.
मुख्य पार्षद और कार्यपालक पदाधिकारी पर मिलीभगत का आरोप
दर्ज कराए गए आवेदन में मो. शौकत ने मुख्य पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी और अन्य विभागीय कर्मियों पर आपसी सांठगांठ का सीधा आरोप लगाया है. आरोप के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान 15 मार्च 2024 से 30 जून 2024 के बीच करीब 50 योजनाओं को सिर्फ कागजों पर संचालित दिखाया गया. इन सभी योजनाओं का निर्माण कार्य पूरी तरह पूर्ण दिखाकर करोड़ों रुपये की राशि निकाल ली गई. शिकायतकर्ता का कहना है कि धरातल पर कई योजनाओं में केवल आधा-अधूरा काम हुआ है, जबकि कई योजनाओं में तो काम की शुरुआत तक नहीं की गई है.
बीपीआरओ ने किया योजनाओं का भौतिक सत्यापन, जल्द सौंपेंगे रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के निर्देश पर बेनीपुर के बीपीआरओ रुपेश राय ने बीती शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया. जांच टीम ने संबंधित योजनाओं का गहनता से भौतिक सत्यापन किया और जमीनी हकीकत देखी. इस दौरान टीम ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई. बीपीआरओ रुपेश राय ने बताया कि जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को सौंप दी जाएगी.
दरभंगा से संतोष पोद्दार की रिपोर्ट
