Darbhanga News: आवारा कुत्तों के झुंड ने 11 वर्षीय बच्ची को मार डाला, इलाके में दहशत का माहौल

Darbhanga News: दरभंगा के बहादुरपुर में आवारा कुत्तों के झुंड ने 11 साल की मासूम बच्ची को नोच-नोच कर मार डाला. ननिहाल में रहकर पढ़ने वाली अन्नु पर आधा दर्जन कुत्तों ने तब हमला किया जब वह गली से गुजर रही थी.पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga News: दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एकमी घाट स्थित शास्त्री नगर मोहल्ले में आवारा कुत्तों के हमले में एक 11 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा है और स्थानीय लोगों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है.

ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती थी अन्नु

मृतक बच्ची की पहचान बहेड़ी प्रखंड के जोरजा गांव निवासी भरत सहनी की पुत्री अन्नु कुमारी (11) के रूप में हुई है. अन्नु एकमी घाट नवटोलिया स्थित अपने नाना-नानी के घर रहकर पढ़ाई करती थी. गुरुवार को वह किसी काम से शास्त्री नगर की गली नंबर दो में गई थी, तभी काल बनकर आए आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया

आधा दर्जन कुत्तों ने गर्दन पर किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अन्नु को अकेला देखकर करीब आधा दर्जन आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया. बच्ची जान बचाने के लिए इधर-उधर भागी, लेकिन कुत्तों ने उसे दबोच लिया और गर्दन पर गहरे जख्म कर दिए. पास में बन रहे एक मकान के मजदूरों ने शोर सुनकर कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक बच्ची लहूलुहान होकर बेहोश हो चुकी थी. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए डीएमसीएच (DMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

आदमखोर हो चुके हैं इलाके के कुत्ते, पहले भी ली है जान

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शास्त्री नगर, कुमर नगर और सैदनगर जैसे इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक चरम पर है. लोगों का कहना है कि ये कुत्ते अब आदमखोर हो चुके हैं और इससे पहले भी करीब आधा दर्जन लोगों की जान ले चुके हैं. कुत्तों के डर से लोग बच्चों को स्कूल भेजने या अकेले घर से बाहर निकलने में भी कतराते हैं.

पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का विलाप

बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि कुत्तों के हमले में जख्मी बच्ची की इलाज के दौरान मौत हुई है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. घटना के बाद से बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की गुहार लगाई है.

दरभंगा के बहादुरपुर से पुरुषोत्तम चौधरी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >