दरभंगा सदर से अशोक झा का रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा-सकरी पुराने मार्ग पर हैरो इंग्लिश स्कूल के सामने मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहाँ सड़क किनारे लीची बेच रही एक 55 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
ग्राहक से बात कर रही थी महिला, तभी काल बनकर आया ट्रैक्टर
मृतका की पहचान सारामोहनपुर निवासी सुरेश सहनी की पत्नी मुन्नी देवी के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुन्नी देवी हर दिन की तरह सड़क किनारे लीची की दुकान लगाए बैठी थीं. इसी दौरान एक कार सवार ग्राहक वहाँ रुका और उनसे लीची का भाव पूछने लगा. तभी गौसाघाट की ओर से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रैक्टर महिला को रौंदते हुए निकल गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. उग्र प्रदर्शनकारी मृतका के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे.
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष और जनप्रतिनिधि, शांत कराने का प्रयास जारी
घटना की सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उनके साथ ही रानीपुर पंचायत के मुखिया राजकुमार दास, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल सहनी, विजय पासवान और इंदल यादव समेत कई स्थानीय प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम खत्म कराने का प्रयास किया. पुलिस ने आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को जल्द ही सहायता राशि दिलाई जाएगी.
हैरो स्कूल के पास अस्थायी बाजार बना हादसों का सबब
स्थानीय लोगों के अनुसार, हैरो इंग्लिश स्कूल से लेकर आगे पुल तक का इलाका एक अस्थायी बाजार बन चुका है. यहाँ सालभर सड़क किनारे छोटे कारोबारी मछली, आम, लीची और सिंगाड़ा जैसे उत्पाद बेचते हैं. इसी मार्ग पर भारी वाहनों जैसे हाईवा, टिपर और मिट्टी लदे ट्रैक्टरों की तेज आवाजाही लगी रहती है. पास में दो बड़े निजी स्कूल होने के कारण सुबह-शाम ट्रैफिक का दबाव और अधिक बढ़ जाता है. ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन यहाँ अतिक्रमण हटाए और दुकानदारों के लिए सुरक्षित स्थान चिह्नित करे ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.
