दरभंगा में एलिवेटेड रोड के लिए हटेंगी 1,200 स्ट्रीट लाइटें, त्योहारों से पहले शहर में अंधेरे की चिंता

दरभंगा में एलिवेटेड रोड के निर्माण में बाधा बन रही करीब 1200 स्ट्रीट लाइटों को हटाया जाएगा. इससे शहरवासियों की चिंता बढ़ गई है, खासकर त्योहारों के मद्देनजर.

दरभंगा: शहर में निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य में बाधक बन रहीं करीब 1,200 स्ट्रीट लाइटें जल्द हटायी जायेंगी. इसे लेकर बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) ने नगर निगम प्रशासन को पत्र भेजकर लाइटें हटाने का अनुरोध किया है.

पत्र मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन ने भी लाइटें हटाने की प्रक्रिया और आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी हैं. नगर निगम के अनुसार, एलिवेटेड रोड निर्माण के दायरे में आने वाले शहर के कई प्रमुख मार्गों से स्ट्रीट लाइटें हटायी जायेंगी.

इनमें वीआइपी रोड, दरभंगा रेलवे स्टेशन से लहेरियासराय टावर, लहेरियासराय टावर से नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय टावर से एकमी और कर्पूरी चौक से नाका नंबर छह तक के प्रमुख मार्ग शामिल हैं. इन सड़कों पर एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य के कारण स्ट्रीट लाइटें बाधक बन रही हैं.

त्योहारों से पहले लाइट हटाने से बढ़ी चिंता

प्रमुख सड़कों से बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें हटाये जाने की सूचना से शहरवासियों की चिंता बढ़ गयी है. लोगों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रमुख त्योहार शुरू होने वाले हैं. ऐसे में मुख्य सड़कों से लाइटें हटने पर रात के समय पर्याप्त रोशनी की समस्या उत्पन्न हो सकती है.

लोगों के अनुसार, इससे राहगीरों के साथ पूजा-अर्चना के लिए निकलने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो सकती है. शहरवासियों ने एलिवेटेड रोड निर्माण के साथ वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

11 हजार स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत में जुटा निगम

इधर, नगर निगम शहरवासियों को राहत देने के लिए पहले से लगी करीब 11,000 स्ट्रीट लाइटों और हाई-मास्ट लाइटों की मरम्मत करा रहा है. इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है.

निगम के अनुसार, ये टीमें प्रतिदिन औसतन 200 से 250 खराब लाइटों को दुरुस्त कर रही हैं. नगर निगम के मुख्य अभियंता साउद आलम ने बताया कि निगम का मुख्य लक्ष्य त्योहारों की शुरुआत से पहले शहर में बंद पड़ी और खराब सभी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करना है, ताकि लोगों को कम से कम असुविधा हो.

1,925 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना

मुख्य अभियंता साउद आलम ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख स्थलों पर 1,925 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना भी तैयार की गयी है. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है.

संबंधित एजेंसी को कार्यादेश जारी होते ही नयी स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम शुरू कर दिया जायेगा.

यह भी पढ़ें

दरभंगा में 21 सितंबर को जॉब कैंप, ITI-Diploma के 100 पदों पर भर्ती; ₹15 हजार CTC

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >