दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा एयरपोर्ट से शनिवार को दिल्ली आने-जाने वाली Akasa Air की एक उड़ान रद्द रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. अचानक फ्लाइट रद्द होने से कई यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी पड़ी.
एयरपोर्ट पहुंचने के बाद बढ़ी परेशानी
जानकारी के अनुसार कई यात्री एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उड़ान रद्द होने की सूचना मिलने पर परेशान दिखे. यात्रियों में इस बात को लेकर नाराजगी भी देखी गई कि समय रहते उन्हें सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई.
कुल 10 विमानों की हुई आवाजाही
शनिवार को दरभंगा एयरपोर्ट से कुल 10 विमानों की आवाजाही हुई. दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच विभिन्न एयरलाइंस की उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा.
इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा एयर की अन्य उड़ानों से यात्रियों ने सफर किया. सप्ताहांत होने के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या भी अच्छी रही.
चार महानगरों के लिए सीधी सेवा
दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे चार बड़े महानगरों के लिए नियमित विमान सेवा उपलब्ध कराई जा रही है.
लगातार बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य भी चल रहा है. नए टर्मिनल भवन, एप्रोच रोड और नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के बाद यहां से उड़ानों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.
यात्रियों ने उठाई मांग
यात्रियों ने एयरलाइंस कंपनियों से मांग की है कि उड़ान रद्द होने की स्थिति में समय पर सूचना दी जाए और बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दरभंगा एयरपोर्ट से 18 विमानों के जरिए 2986 यात्रियों ने सफर किया था.
