Darbhanga Airport News: दरभंगा एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है. बुधवार को दरभंगा-दिल्ली रूट पर स्पाइसजेट की उड़ान अचानक रद्द होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई यात्रियों ने टिकट बुकिंग के बावजूद ऐन वक्त पर उड़ान रद्द होने पर एयरलाइन कंपनी की कार्यप्रणाली पर तीखा आक्रोश जताया.
यह भी पढ़ें… प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया, प्रेमिका समेत तीन हिरासत में
कड़ी धूप में 6 घंटे तक अपनों का इंतजार करते रहे परिजन
दिल्ली की फ्लाइट रद्द होने के साथ-साथ मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट भी करीब छह घंटे की देरी से पहुंची. विमान के निर्धारित समय सुबह 10.15 बजे के बजाय शाम करीब 4.45 बजे दरभंगा एयरपोर्ट पर लैंड करने से यात्री और उनके परिजन बेहाल रहे. भीषण गर्मी और कड़ी धूप में एयरपोर्ट के बाहर अपने परिजनों का इंतजार कर रहे लोगों को घंटों परेशान होना पड़ा. इस देरी के कारण दरभंगा से वापस मुंबई जाने वाली फ्लाइट भी काफी विलंब से रवाना हुई
यह भी पढ़ें… मोबाइल पर बात करते-करते कमरे में झूला सोफा मिस्त्री,फंदे से लटक कर दी जान
सूचना तंत्र फेल, यात्रियों ने लगाया लापरवाही का आरोप
बुधवार को दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे महानगरों के लिए कुल करीब एक दर्जन विमानों का परिचालन होना था. यात्रियों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि विमानन कंपनी की ओर से समय पर सही जानकारी नहीं दी जाती है. अचानक उड़ान रद्द होने से लोगों की जरूरी यात्रा योजनाएं प्रभावित हो गईं. यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन से उड़ानों के समयबद्ध संचालन और सेवाओं में सुधार की मांग की है.
यात्रियों की संख्या बढ़ी, लेकिन सुविधाएं घटीं
दरभंगा एयरपोर्ट से लगातार हवाई यात्रियों की संख्या बढ़ रही है. बीते मंगलवार को ही 14 विमानों से 2418 लोगों ने सफर किया था. यात्रियों का कहना है कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी के बावजूद उड़ानों की अनियमितता से एयरपोर्ट की छवि खराब हो रही है. गौरतलब है कि 8 नवंबर 2020 को दरभंगा से घरेलू उड़ान सेवा की शुरुआत बड़े उत्साह के साथ की गई थी, लेकिन एयरलाइंस की लापरवाही से अब नाराजगी बढ़ रही है.
दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा
