दरभंगा: रनवे तक बस से जाने की झंझट खत्म, एयरपोर्ट पर लगेगा एयरोब्रिज

Darbhanga Airport News: राजस्थान से दो एयरोब्रिज दरभंगा एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं. इनके शुरू होने के बाद यात्री टर्मिनल भवन से सीधे विमान में प्रवेश कर सकेंगे और रनवे तक बस से जाने की जरूरत नहीं होगी. जानिए खबर विस्तार से...

Darbhanga Airport News: दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों को जल्द ही महानगरों जैसे आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलने वाला है. राजस्थान से दो अत्याधुनिक एयरोब्रिज एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं. इन्हें नए टर्मिनल भवन से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके चालू होने के बाद यात्री टर्मिनल भवन से सीधे विमान में प्रवेश कर सकेंगे और रनवे तक बस से जाने की आवश्यकता नहीं होगी.

एयरकंडीशंड कॉरिडोर से सीधे विमान तक पहुंचेंगे यात्री

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार नए टर्मिनल भवन के निर्माण के साथ यात्री सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है. दोनों एयरोब्रिज को तकनीकी मानकों के अनुरूप स्थापित करने के लिए आवश्यक संरचनात्मक कार्य तेजी से चल रहा है. सेवा शुरू होने पर यात्रियों को एयरकंडीशंड कॉरिडोर के जरिए सीधे विमान तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी. इससे बोर्डिंग प्रक्रिया अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक होगी.

नए टर्मिनल से बढ़ेगी एयरपोर्ट की क्षमता

फिलहाल यात्रियों को बस के जरिए रनवे तक ले जाकर सीढ़ियों से विमान में चढ़ाया जाता है, जिससे गर्मी, बारिश और ठंड के दौरान परेशानी होती है. एयरोब्रिज शुरू होने से विशेषकर बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी. एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार नए टर्मिनल भवन के पूरा होने के बाद आधुनिक प्रतीक्षालय, विस्तृत पार्किंग और नई तकनीकी सुविधाओं के साथ दरभंगा एयरपोर्ट उत्तर बिहार के प्रमुख हवाई केंद्र के रूप में और मजबूत होगा. भविष्य में यहां पांच एयरोब्रिज तक स्थापित किए जाने की योजना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >