Darbhanga News: जाले थाना क्षेत्र के एक गांव से 29 जुलाई को कॉलेज छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है. छात्रा के पिता ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड छह, सुभाष चौक निवासी मनीष कुमार, उसके पिता नंद किशोर दास, मां समेत अन्य लोगों पर बहला-फुसलाकर अपहरण करने, दुष्कर्म, हत्या कर शव गायब करने की साजिश और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छात्रा की बरामदगी के लिए जांच तेज कर दी है.
Jale News: प्रैक्टिकल कॉपी जमा करने निकली थी छात्रा
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार छात्रा 29 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे काजी अहमद कॉलेज, जाले में प्रैक्टिकल कॉपी जमा करने की बात कहकर घर से निकली थी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया.
बताया गया कि छात्रा ने डरती हुई आवाज में थोड़ी देर में घर लौटने की बात कही. इसके बाद शाम करीब पांच बजे उसका मोबाइल बंद हो गया. परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला.
पिता ने बहला-फुसलाकर अपहरण करने का लगाया आरोप
छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि मनीष कुमार ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया और उसे बंधक बनाकर रखा है. उन्होंने आशंका जताई है कि छात्रा के साथ कोई गंभीर वारदात की जा सकती है.
छात्रा के भाई द्वारा मनीष के मोबाइल पर संपर्क करने पर कथित रूप से पुलिस को सूचना देने की स्थिति में छात्रा के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने और शव गायब करने की धमकी दी गई. आवेदन में आरोपितों पर डेढ़ लाख रुपये की मांग करने का आरोप भी लगाया गया है.
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर गठित की विशेष टीम
जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच का जिम्मा एसआइ सुल्तान अहमद को सौंपा गया है. छात्रा की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई है.
पुलिस मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर छात्रा एवं संदिग्धों के संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है. संभावित स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है.
ग्रामीणों ने शीघ्र बरामदगी की मांग की
छात्रा के लापता होने और परिजनों की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश है. ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन को छात्रा की जल्द बरामदगी की मांग की है. साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है.
यह भी पढ़ें:अगस्त क्रांति का वो दौर, जब मोतिहारी में छात्रों-किसानों ने अंग्रेजों के खिलाफ संभाल ली थी कमान
