Darbhanga News: भारत की जनगणना 2027 के तहत मकानों की गणना एवं सूचीकरण कार्य पूरा होने के बाद जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) के ग्रामीण और शहरी संस्करण तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसी क्रम में जिला परिषद परिसर स्थित सभागार में शनिवार से 25 जुलाई तक चार्ज अधिकारियों और क्षेत्रीय कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया.
पहले दिन सदर क्षेत्र के अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के पहले दिन सदर क्षेत्र के चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों ने भाग लिया. जनगणना निदेशालय, पटना से प्रतिनियुक्त प्रशिक्षक रोहित कुमार और रामध्यान सिंह ने प्रतिभागियों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी.
विकास योजनाओं और शोध कार्यों के लिए उपयोगी है डीसीएचबी
प्रशिक्षकों ने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका जनगणना का एक महत्वपूर्ण प्रकाशन है. इसमें जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से जुड़े प्रशासनिक, सामाजिक, आर्थिक, जनसांख्यिकीय तथा आधारभूत संरचना संबंधी आंकड़ों का संकलन किया जाता है. यह दस्तावेज विकास योजनाओं के निर्माण, नीति निर्धारण और शोध कार्यों के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है.
डीसीएचबी ऐप संचालन का भी दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डीसीएचबी ऐप के संचालन, आंकड़ों के संकलन, सत्यापन, ऑनलाइन प्रविष्टि, त्रुटि सुधार तथा डेटा अपलोड की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया. साथ ही डेटा की शुद्धता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया.
25 जुलाई तक चलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से 25 जुलाई तक संचालित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के चार्ज अधिकारी और क्षेत्रीय कर्मी भाग लेंगे.
