धबौलिया पुल पर खड़े ट्रक से टकराई बुलेट, आर्मी जवान समेत तीन युवकों की मौत

कुशेश्वरस्थान पूर्वी थाना क्षेत्र में एसएच-56 पर धबौलिया पुल पर हुए सड़क हादसे में एक आर्मी जवान सहित तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दिया.

Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान पूर्वी थाना क्षेत्र में एसएच-56 स्थित धबौलिया पुल पर शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक आर्मी जवान समेत तीन युवकों की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.

पुल पर खड़े ट्रक से टकराई बुलेट

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:30 बजे बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक धबौलिया से कुशेश्वरस्थान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान धबौलिया पुल पर खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुशेश्वरस्थान पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. मो. सोहराब ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

आर्मी जवान समेत तीन की हुई पहचान

कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि मृतकों की पहचान बड़गांव निवासी पत्रकार अरुण कुमार राय के पुत्र एवं आर्मी जवान अखिलेश आनंद, धबौलिया निवासी पंकज राय (38) तथा केवटगामा पंचायत के भरडीहा निवासी बादल यादव (30) के रूप में हुई है.

ट्रक जब्त, चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया. उसकी तलाश की जा रही है.

सड़क जाम के बाद पुलिस ने कराया आवागमन बहाल

हादसे की खबर मिलते ही धबौलिया गांव के पास आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया. सूचना पर पहुंचे एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया. इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

एक साथ तीन युवकों की मौत से पूरे कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में शोक का माहौल है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

संतोष पोद्दार को पत्रकारिता का 20 वर्षों का लंबा अनुभव है. ये सामाजिक, राजनीतिक, आपराधिक व धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हैं और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >