Darbhanga News: जाले थाना क्षेत्र के मस्सा गांव में लीज की जमीन पर संचालित एक ईंट भट्ठे में जेसीबी से तोड़फोड़ कर ट्रैक्टर से ईंट ले जाने का मामला सामने आया है. ईंट भट्ठे पर तैनात गार्ड की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़ित पक्ष ने घटना में करीब 40 लाख रुपये की क्षति होने का दावा किया है.
Jale News: रात में जेसीबी से तोड़ा गया ईंट भट्ठे का गोल
ईंट भट्ठे में तैनात गार्ड हरिचरण मांझी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि सात जुलाई की रात जेसीबी, चार-पांच ट्रैक्टर और बाइक पर सवार आठ-दस लोग भट्ठे पर पहुंचे. आरोप है कि सभी ने पहले उनका हाथ बांध दिया और इसके बाद जेसीबी से ईंट भट्ठे के गोल को ध्वस्त कर दिया. बाद में ट्रैक्टरों पर ईंट लादकर सभी लोग वहां से फरार हो गए.
40 लाख रुपये की क्षति का दावा
आवेदन में कहा गया है कि घटना से ईंट भट्ठा संचालक को लगभग 40 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है. पीड़ित पक्ष ने जमीन मालिक देउरा गांव निवासी एहसानुल हक और मो. आमिर पर घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया है.
पुलिस जांच में जुटी
जाले थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: बहेड़ा महाविद्यालय में विकास कार्य को लेकर विवाद, सचिव बोले- नियमों के तहत होगा फैसला
