दरभंगा: बिरौल प्रखंड की दो पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. सहसराम और इटवा-शिवनगर पंचायत के मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. शिविर का उद्घाटन गौड़ा बौराम विधायक सुजीत कुमार, एडीएम सलीम अख्तर, बीडीओ प्रदीप कुमार झा, सीओ कुमारी सरिता रानी और संबंधित पंचायत के मुखिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
सहसराम में 33 आवेदन मिले
सहसराम पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में कुल 33 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें जन्म प्रमाण पत्र के सात और जॉब कार्ड के 11 मामले शामिल थे. विधायक ने मुखिया राधा मोहन चौधरी की मौजूदगी में कई लाभुकों को प्रमाण पत्र सौंपे.
इटवा-शिवनगर में 23 आवेदन
इटवा-शिवनगर पंचायत में आयोजित शिविर में कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें छह जन्म प्रमाण पत्र और पांच जॉब कार्ड से संबंधित मामले थे. मुखिया पतीलाल पासवान की उपस्थिति में लाभुकों को मौके पर ही प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया.
राशन कार्ड और अन्य प्रमाण पत्रों के लिए भी आवेदन
बीडीओ प्रदीप कुमार झा ने बताया कि शिविर में राशन कार्ड, आय, जाति, आवासीय सहित अन्य प्रमाण पत्रों के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं. इन आवेदनों का जल्द निष्पादन किया जायेगा.
यह भी पढ़ें
स्कूल के 13 कमरों के ताले में भर दिया एमसिल, दीवार तोड़कर सैकड़ों ईंटें भी उठा ले गये शरारती तत्व
